Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कासगंज में 46 डिग्री तापमान, भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त; हीट वेव का येलो अलर्ट जारी

    By Munna Lal Agarwal Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 19 May 2026 07:32 PM (IST)

    कासगंज में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, मंगलवार को तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन और व्यापार प्रभावित हुआ। जिला अस्पताल में मौस ...और पढ़ें

    कासगंज में मंगलवार को दोपहर में चुनरी ढंक कर बाजार से गुजरतीं युवतियां।

    कासगंज में मंगलवार को दोपहर में चुनरी ढंक कर बाजार से गुजरतीं युवतियां।

    जागरण संवाददाता, कासगंज। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। सुबह से ही निकलने वाली तेज धूप और झुलसाने वाली लू के कारण लोग दोपहर के समय अपने घरों से बाहर निकलने में कतराते रहे।

    मंगलवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चिलचिलाती धूप का सीधा असर स्थानीय बाजारों पर भी देखने को मिला।

    आम जनता के साथ-साथ व्यापारी, फल और सब्जी विक्रेता भी बेहद परेशान हैं, क्योंकि दोपहर में बाजार सूने होने से उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

    गर्मी का सबसे बड़ा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। तपती गर्मी और उमस के कारण मौसमी बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।

    अस्पताल से मिले आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को ओपीडी में रिकॉर्ड 1485 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।

    राहत की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन अलर्ट पर है, लेकिन डाक्टरों के अनुसार इनमें सबसे अधिक संख्या डीहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और ब्लड प्रेशर के मरीजों की रही।

    चिकित्सकों ने लोगों को बिना वजह धूप में न निकलने और शरीर में पानी की मात्रा भरपूर बनाए रखने की सलाह दी है।

    इस दौरान रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या कम दिखी। यात्री विक्रम सिंह निवासी सोरों ने बताया कि उन्हें अलीगढ़ जाना है मगर अब शाम को ही निकलेंगे। सुबह से लेकर शाम तक लू चलती रही।

    बढ़ते तापमान को देखकर प्रशासन का अलर्ट

    लगातार बढ़ रहे तापमान को देखकर जिला प्रशासन ने मंगलवार को अलर्ट जारी किया है। अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मौसम विभाग ने कुछ जिलों में हीट वेव, उष्ण लहर और लू चलने की संभावना व्यक्त की है।

    उक्त सूची में जिले को येलो जोन में चिन्हित किया गया है। इसको लेकर उन्होंने जिले में आगामी दिनों में तीव्र गर्मी एवं लू की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए आम जनमानस से सतर्कता एवं आवश्यक बचाव उपाय अपनाने की अपील की है।