कासगंज रेलवे स्टेशन लूटकांड: 10 साल बाद पकड़ा गया सराफा व्यापारी का हत्यारा हिस्ट्रीशीटर
कासगंज रेलवे स्टेशन पर 2016 में सराफा व्यापारी की गोली मारकर लूट करने वाला जीतू गुप्ता 10 साल बाद गिरफ्तार ...और पढ़ें

कासगंज में पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर।
HighLights
2016 सराफा व्यापारी लूट और हत्या का आरोपी गिरफ्तार।
जीतू गुप्ता 10 साल से फरार था, ठिकाने बदल रहा था।
जागरण संवाददाता, कासगंज। वर्ष 2016 में कासगंज रेलवे स्टेशन पर सराफा व्यापारी को गोली मारकर जेवरात से भरा थैला और 78 हजार रुपये लूटने के मामले में करीब 10 वर्ष से फरार चल रहे वारंटी को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए पैतृक संपत्ति बेचकर लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक रेलवे, आगरा ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। शहर के लवकुश नगर निवासी 35 वर्षीय जीतू गुप्ता पुत्र सुशील गुप्ता ने वर्ष 2016 कासगंज जंक्शन पर रेल यात्री सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जेवरात से भरा थैला लूट कर ले गए।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। जिसके विरुद्ध अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय कक्ष नंबर एक में विचाराधीन मुकदमा में गैर-जमानती वारंट जारी था। कई बार वारंट जारी होने के बावजूद वह गिरफ्तारी से बचता रहा।
सर्विलांस और सुरागरसी के आधार पर टीम ने मंगलवार को सुबह 9:20 बजे कासगंज रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट से जीतू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपित थाना कोतवाली कासगंज का ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है।उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 504ए है।
पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमला, बलवा, शस्त्र तस्करी, लूट, चोरी और नकबजनी समेत करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली जीआरपी टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में पुलिसकर्मी शामिल रहे। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 10 हजार रुपये पुरस्कार की घोषणा की है।
