कासगंज सदर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: विकास की सूची लंबी पर उम्मीदें अब भी हैं अधूरी
कासगंज सदर विधायक देवेंद्र सिंह लोधी के विकास कार्यों का मूल्यांकन हो रहा है, जिसमें सड़कें, विद्युतीकरण और वाटर कूलर जैसे काम शामिल हैं। हालांकि, जनत ...और पढ़ें

कासगंज सदर विधानसभा सीट से विधायक देवेंद्र सिंह लोधी।
HighLights
सड़कों, विद्युतीकरण, वाटर कूलर पर हुआ प्रमुख काम।
जनता की कुछ उम्मीदें अभी भी अधूरी हैं।
मुन्नालाल अग्रवाल, कासगंज। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कासगंज जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक देवेंद्र सिंह लोधी के कामकाज का भी जनता आंकलन कर रही है। वह देख रही है कि विकास कार्यों की जो लंबी सूची दिखाई जा रही है वे काम धरातल पर कितने हुए। हालांकि स्थिति को देखें तो सड़कों पर सबसे ज्यादा काम हुआ।
गांवों में विद्युतीकरण भी कराया गया और पेयजल के लिए वाटर कूलर भी लगवाए गए। लोग क्षेत्र में विधायक की सक्रियता निरंतर बने रहने की चर्चा भी कर रहे हैं। दूसरी तरफ लोगों की उम्मीदें अभी भी अधूरी हैं। वे कह रहे हैं कि जो काम बचे हुए हैं उन्हें भी पूरा किया जाए। विधायक की तरफ से आश्वासन दिया जा रहा है कि मौका मिलेगा तो शेष काम भी पूरे कराए जाएंगे।
क्षेत्र में हाईमास्ट लाइटें खूब दिखाई दे रहीं हैं। गांवों के लोगों से बातचीत करने से पता चलता है कि अच्छी बात यह रही कि लाइटें लगवाने से पहले गांव वालों से पूछा गया कि कहां उपयोगिता अधिक रहेगी। यही स्थिति वाटर कूलर को लेकर हुई। क्षेत्र में 14 वाटर कूलर लगवाए गए, इनमें से आधे स्कूलों में लगाए हैं।
सरस्वती स्कूल, एसबीओ स्कूल, रानी अवंतीबाई स्कूल, नगला डुकरिया में स्कूल के पास, एसडी स्कूल के पास, शिवा इंटर कालेज के पास, खुर्रमपुर में आश्रम के पास यह वाटर कूलर लगवाए गए। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लगवाए हैं। क्षेत्र में 300 से अधिक छोटे-बड़े मार्ग बनवाए गए। कई सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया।
खबरें और भी
चाड़ी चौराहे के पास ओवरब्रिज, भैंसोरा अनाज मंडी के पास पुल, मोहनपुर से नगला नंदे तक चौड़ीकरण, सोरों से लहरा तक चौड़ीकरण, कासगंज-गढ़ी वाया ढोलना मार्ग का चौड़ीकरण, सलेमपुर बीबी मार्ग का चौड़ीकरण, नगला छत्ता से नगला जोर तक निर्माण कार्य, गद्दूपूर से अथैया तक सड़क निर्माण, हजारा नहर से बड़बारीकला तक सड़क निर्माण, नगला बोहरे से मिलिकिनिया तक सड़क निर्माण हुआ है।
मोहनी, नगला भीम, नगला धनी, करसरी, बरखुद्दारपुर, चिलकुनी, पैसोई, बरबारा, भोजपुर, नारायणपुर, लखेरा, महेशपुर, रायपुर, गोरहा-बहेड़िया, रहमतपुर, हरियाढेर, इखौना, गायती आदि स्थानों पर सड़क निर्माण कराया गया। तमाम स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगवाईं गईं।
दूसरी तरफ जनता भी इन कामकाज को गंभीरतापूर्वक देख रही है।
अब देखना यह है कि वर्ष 2027 के होने वाले चुनाव में विकास के दावों पर जनता कितनी मुहर लगाती है। हालांकि विपक्ष इन दावों को खारिज कर रहा है।
विधायक की बात
हमें जितना भी समय मिला उतने में भरपूर विकास कराया है। शासन की योजनाओं से संबंधित विकास खूब हुआ है। हमारी कोशिश रही कि समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचे। अहम बात यह है कि जिस गांव में भी हम पहुंचे, वहां के स्थानीय लोगों से बात की, उनसे उनकी जरूरत पूछी और देखा कि वाकई वहां किस काम की आवश्यकता है वहीं काम कराए गए।
जनता की सेवा के लिए 24 घंटे तक समर्पित रहा हूं। हमने कभी भी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। जो भी अपने काम लेकर आया उसका काम किया है। मैं हमेशा जनता जनार्दन के लिए उपलब्ध हूं।
- देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक कासगंज सदर
सभी दावे खोखले
भाजपा द्वारा विकास के जितने दावे किए जा रहे हैं वे सभी खोखले हैं। धरातल पर कहीं भी काम नजर नहीं आ रहा। टूटी सड़कों की समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी है। इस समस्या को विधायक दूर नहीं कर पाए। रोजगार के साधन नगण्य हैं। तमाम युवा बेरोजगार हैं और भटक रहे हैं।
आम जनता को जो सहूलियतें मिलनी चाहिए थीं, वे पूरी नहीं की गईं। भाजपा से जन विश्वास उठा है। विधानसभा चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी को नकारेगी। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को भी सरकार लाभ नहीं दे पाई। शिक्षा के साधन भी क्षेत्र में बहुत कम हैं।
- मानपाल सिंह, सपा रनरअप