शराब पीकर मारता था पति तो मायके चली गई पत्नी, यूं हुई दंपती में सुलह
कासगंज में परिवार परामर्श केंद्र ने एक दंपती को टूटने से बचा लिया। महिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद वह मायके चली गई थ ...और पढ़ें

दंपती में सुलह कराने वाले केंद्र के कर्मी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। पति मारपीट करता था। इससे परेशान होकर महिला एक माह पहले अपने मायके चली गई। दंपती में तलाक तक की नौबत आ गई थी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में आया। शनिवार को काउंसलर ने दंपती को कार्यालय बुलाया। पहली ही काउंसलिंग में टीम को सफलता मिल गई। दंपती एक साथ रहने को राजी हो गए। इसके बाद महिला पति के साथ ससुराल चली गई।
परिवार परामर्श केंद्र ने पहली बैठक में कराया दंपती में समझौता
गंजडुंडवारा के रहने वाली युवती का निकाह सोरों के रहने वाले युवक से हुआ था। युवक और युवती दोनों का दूसरा निकाह है। युवक के पहली पत्नी से चार बच्चे हैं। महिला का निकाह तो हुआ था पर पहले पति से कोई बच्चे नहीं है। महिला ने काउंसलर को बताया कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता है। इससे परेशान होकर वह एक माह पहले अपने मायके आ गई थी। महिला ने पति के खिलाफ थाना सोरों में तहरीर दी थी।
दोनों ने पुराने विवाद खत्म कर साथ रहने का लिया निर्णय
पुलिस ने मामले को परिवार परामर्श केंद्र में भेजा। यहां महिला आरक्षी कल्पना, काउंसलर अनीता उपाध्याय, सिखा अग्रवाल, प्रिया एवं गीतांजलि ने शनिवार काे दंपती को कार्यालय बुलाया। काउंसलर ने दोनों से अलग-अलग विवाद की वजह पूछी। इसके बाद दोनों को दो घंटे तक समझाया। पहले ही दिन काउंसलर टीम को सफलता मिल गई। दंपती अपने पुराने विवाद खत्म कर एक साथ रहने को तैयार हो गए।
काउंसलर अनीता उपाध्याय ने बताया कि महिला का सात दिन बाद दोबारा बुलाया है। ताकि उससे पता किया जा सके की पति अब भी मारपीट तो नहीं कर रहा।