कौशांबी में दिल्ली पुलिस की हिरासत से चोरी का आरोपी फरार, तलाश जारी
दिल्ली पुलिस की हिरासत से कौशांबी में एक चोरी का आरोपी फरार हो गया। दिल्ली पुलिस उसे सह-आरोपी की तलाश में कौशांबी लाई थी। सराय अकिल के एक बैंक्वेट हॉल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
दिल्ली पुलिस की हिरासत से चोरी का आरोपी फरार।
कौशांबी में सह-आरोपी की तलाश में लाया गया था।
हथकड़ी से हाथ निकालकर दीवार फांदकर भागा।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश थाने में दर्ज चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना तब हुई जब दिल्ली पुलिस की टीम आरोपित को लेकर सह आरोपित की तलाश में कौशांबी आई थी। फरार आरोपित शुक्रवार देर रात अपने गांव के पास दिखाई भी दिया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फिर भाग निकला। प्रकरण में संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नई दिल्ली निवासी राजिंदर वाली ने 30 मार्च 2026 को ग्रेटर कैलाश थाने में करीब सात लाख रुपये नकद व चांदी की दो मूर्तियां चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने 14 अप्रैल को कौशांबी के सरायअकिल थाना क्षेत्र के जुगराजपुर गांव निवासी विजय दुबे को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने अपने साथी धनिश शुक्ला के साथ चोरी कबूल की। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया और सह-अभियुक्त की तलाश व चोरी का माल बरामद करने के लिए टीम कौशांबी पहुंची। सराय अकिल थाने में 15 अप्रैल को आमद दर्ज कराने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी।
बताया गया कि 16 अप्रैल की रात करीब दो बजे पुलिस टीम आरोपित को लेकर सराय अकिल स्थित एक बैंक्वेट हाल में रुकी थी। यहां आरोपित को हथकड़ी लगाकर रखा गया था और परिसर भी बंद था। इसके बावजूद आरोपित ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और भोर करीब चार-पांच बजे के बीच दीवार फांदकर फरार हो गया।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपित की तलाश शुरू की गई। शुक्रवार रात आरोपित अपने गांव के पास दिखाई भी दिया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। सीओ चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हिरासत से फरार होने का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।