विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: फरार मुख्य आरोपी की पत्नी कहकशा गिरफ्तार, अवैध बारूद गोदाम ध्वस्त

Published: Thu, 03 Sep 2026 09:26 PM (IST)

कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में फरार चल रही संचालक नौशाद की पत्नी कहकशा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नौशाद के गोदाम से जब्त पटाखा व बारूद को ले जाते कर्मी।

नौशाद के गोदाम से जब्त पटाखा व बारूद को ले जाते कर्मी।

HighLights

  1. अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालक नौशाद की पत्नी कहकशा गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने नौशाद के गोदाम से बारूद, पटाखे बरामद किए।

  3. बरामदगी के बाद अवैध गोदाम को बुलडोजर से ध्वस्त किया।

जागरण संवाददाता, कौशांबी। अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद फरार चल रही फैक्ट्री संचालक नौशाद अली की पत्नी कहकशा को पुलिस ने गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया। 25 हजार रुपये की इनामी कहकशा को मुखबिर की सूचना पर पिपरी क्षेत्र के मकदूमपुर के पास पकड़ा गया।

उधर, पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने नौशाद के घर के समीप स्थित गोदाम में छापेमारी कर ड्रम में भरी बड़ी मात्रा में बारूद और पटाखे बरामद किए। बरामद सामग्री जब्त करने के बाद गोदाम को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया गया।

महमूदपुर मनौरी निवासी नौशाद अली ने चिल्ला शहबाजी में अवैध तरीके से पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रखी थी। सोमवार को फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने कई परिवारों को तबाह कर दिया। हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में नौशाद, उसकी पत्नी कहकशा, बेटे आदिल, भाई शकील, शबाना पत्नी शकील और साइना पुत्री शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

नौशाद और उसके बेटे मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

पुलिस ने नौशाद और उसके बेटे आदिल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया, जबकि शबाना और उसकी बेटी साइना पहले ही जेल भेजी जा चुकी हैं। कहकशा और शकील फरार थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली और फतेहपुर समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।

डीएसपी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों पर शिकंजा कसता देख कहकशा वापस इलाके में आई थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मकदूमपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस और प्रशासन की टीम ने महमूदपुर मनौरी में नौशाद के घर के समीप बने गोदाम में छापेमारी की।

यह भी पढ़ें- बहराइच में पुलिस-बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली; दूसरा चकमा देकर फरार

यहां ड्रम में बारूद और 20 बोरियों में भरे पटाखे मिले। पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर ली। गोदाम में अवैध रूप से बारूद छिपाकर रखे जाने की आशंका को देखते हुए बुलडोजर चलवाकर उसे ध्वस्त करा दिया।