कौशांबी : अब ICU बेड पर नहीं चलेगी मनमानी, प्राइवेट अस्पतालों की फीस होगी तय; जिपं अध्यक्ष ने कार्रवाई के लिए लिखा लेटर
कौशांबी में निजी अस्पतालों द्वारा आईसीयू और सामान्य बेड के मनमाने शुल्क पर रोक लगाने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएमओ को पत्र लिखा है। उन्होंने सभी ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
निजी अस्पतालों की मनमानी शुल्क वसूली पर रोक लगेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएमओ को पत्र लिखा।
आईसीयू और सामान्य बेड की दरें निर्धारित होंगी।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। निजी अस्पतालों में आइसीयू और सामान्य बेड के नाम पर मरीजों से मनमाने शुल्क वसूलने की शिकायतों पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजकर जिले के सभी निजी चिकित्सालयों में शासन की मंशा के अनुरूप उपचार, आइसीयू, सामान्य बेड और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की निर्धारित दरें लागू कराने व उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर सीएमओ को भेजे पत्र में कहा है कि जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शिकायत की, कि कई निजी अस्पताल मरीजों और उनके स्वजन की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित मानकों से अधिक शुल्क वसूल रहे हैं। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने की अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ताओं ने ऐसे अस्पतालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की भी मांग की है। पत्र में कहा गया है कि शासनादेशों और प्रचलित नियमों के अनुरूप निजी अस्पतालों में बेड, आइसीयू एवं अन्य चिकित्सा सेवाओं की शुल्क की दरें निर्धारित की जाएं और उसे अस्पताल परिसर में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अस्पताल निर्धारित दरों से अधिक शुल्क न वसूलें।
यदि किसी अस्पताल द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। कहा कि मरीजों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी भी अस्पताल को मरीजों की मजबूरी का लाभ उठाने की छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने सीएमओ से इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है।
खबरें और भी
सीएमओ को पत्र भेज कर निजी अस्पतालों में मनमानी शुल्क वसूली पर रोक लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। निजी अस्पतालों की वसूली बर्दाश्त नहीं होगी। शासन की निर्धारित दरों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। नियम तोड़ने वाले अस्पतालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। - कल्पना सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा। निजी अस्पतालों में शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार शुल्क व्यवस्था की समीक्षा कराई जाएगी। यदि कोई अस्पताल तय दरों से अधिक शुल्क वसूलता पाया गया तो फीस का निर्धारण कराते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. संजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी।