कौशांबी के स्कूल में दोस्त ने साथी का गला दबाकर की हत्या, हेड मास्टर समेत सभी टीचर सस्पेंड; BEO को भी हटाया
कौशांबी के चरवा क्षेत्र के एक प्राथमिक स्कूल में साथी छात्र ने दूसरे का गला दबा दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के हंगाम ...और पढ़ें
-1785346168685_m.webp)
HighLights
प्राथमिक स्कूल में साथी छात्र ने दूसरे का गला दबाया।
इलाज के दौरान छात्र विहान की दुखद मौत हो गई।
प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक निलंबित, बीईओ भी हटाए गए।
संवाद सूत्र, चायल। चरवा क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल, सुधवर में साथी ने ही साथी का गला दबाकर मार डाला। इलाज के दौरान हुई छात्र की मौत से भड़के स्वजन व ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में शव रख जमकर हंगामा किया। एसडीएम के साथ पहुंचे बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्वजन को शांत कराया।
पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) की जांच रिपोर्ट के बाद प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया। छात्र की मौत के बाद से स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सुधवर गांव निवासी बीरू राठौर आटो चालक है। वह आटो चलाकर स्वजन का भरण पोषण करता है। बीरू के दो बेटे और एक बेटी में सबसे बड़ा 12 वर्षीय विहान उर्फ वीरभान गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। 23 जुलाई की दोपहर लंच के समय खेल के दौरान विहान व साथी साहिल के बीच विवाद हो गया। जब वह घर पहुंचा तो उसके गले से पानी और खाना अंदर नहीं जा रहा था।
पिता ने क्या बताया?
पिता को बताया कि उसकी साथी से मारपीट हुई है। जिसके कारण गले में गंभीर चोट आई है। आनन-फानन उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार की सुबह उपचार के दौरान विहान की मौत हो गई। शव लेकर स्कूल पहुंचे आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा देख शिक्षक और बच्चे भाग निकले। सूचना मिलते ही एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम, एएसपी अमिता सिंह, सीओ शिवांक सिंह पिपरी और चरवा पुलिस फोर्स के साथ स्कूल पहुंचे।
खबरें और भी
करीब ढाई घंटे चले हंगामे के बाद अफसरों ने स्वजन को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। घटना को डीएम के संज्ञान में लाते हुए बीएसए ने स्कूल के सभी छह स्थायी स्टाप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जबकि दो शिक्षामित्रों को दूसरे ब्लाक में तैनाती देते हुए सात अन्य स्कूल के शिक्षकों को पठन-पाठन के लिए स्कूल भेजा गया है। बीएसए डा. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर बीईओ हिनी सिद्दीकी को वहां से हटाकर मुख्यालय के नगर क्षेत्र से संबद्ध किया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तथ्यों की जांच की जा रही है। तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -शिवांक सिंह, सीओ चायल।