कुशीनगर में 34.75 करोड़ की ठगी करने वाले साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
कुशीनगर में सीधे-सादे लोगों को लालच देकर बैंक खाते खरीदने-बेचने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने दो सदस्यों को गिरफ्तार क ...और पढ़ें

34.75 करोड़ की ठगी करने वाले साइबर ठग गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार।
HighLights
कुशीनगर में 34.75 करोड़ के साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश।
दो सदस्य गिरफ्तार, बैंक खाते खरीदकर करते थे धोखाधड़ी।
एक लाख नकदी, लैपटॉप, एटीएम कार्ड सहित कई सामान बरामद।
जागरण संवाददाता, पडरौना। सीधे-साधे लोगाें को लालच देकर बैंक खाता खरीदने और बेचने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश कर साइबर थाने की पुलिस ने दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लाख नकदी, लैपटॉप, मुहरें, पैन, आधार व एटीएम कार्ड तथा पासबुक-चेकबुक मिला है।
गिरोह के विरुद्ध एनसीआरपी, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, पर देश भर से 122 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। ठगों ने 34 करोड़ 75 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की है। एसपी केशव कुमार ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने पुलिस आफिस में गुुरुवार को बताया कि, साइबर अपराध रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान साइबर बज्र के तहत साइबर थाना व सेल की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने कमीशन पर बैंक खाते खरीदने-बेचने तथा ठगी से अर्जित धनराशि को एटीएम से निकालने वाले संदिग्धों को चिह्नित कर इनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी।
गिरोह की पहचान कर गुरुवार को दो सदस्यों को उनके घर से टीम ने दबोच लिया। दोनों की पहचान अरविंद कुमार पांडेय निवासी बरवा स्थान व सुरेश कुशवाहा निवासी चंदरपुर बरवा थाना रामकोला के रूप में हुई। एएसपी ने बताया कि देश भर में फैला ठगों का यह गिरोह भाेलेभाले लोगों को ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक लाभ दिलाने की आड़ में उनका खाता खुलवाकर एटीएम, पासबुक, चेकबुक अपने कब्जे में ले लेता है।
खबरें और भी
इन खातों में अलग-अलग राज्यों में हुई धोखाधड़ी की राशि मंगाकर एटीएम व चेकबुक की सहायता से निकालते हैं। ऑनलाइन शिकायत के कारण जब यह खाते होल्ड या फ्रीज हो जाते हैं तो यह दूसरे लोगों को लालच देकर उनका खाता खुलवाकर इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। कुशीनगर में इनके द्वारा दो दर्जन से अधिक ऐसे खातों के इस्तेमाल करने की पुष्टि हुई है। इस गिरोह के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर अब तक 122 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।
इसी तरह इनके द्वारा 34 करोड़ 75 लाख दो हजार 758 रुपये की धोखाधड़ी करने की पुष्टि हुई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी तलाश में टीमें लगाईं गईं हैं। इसमें दूसरे राज्यों की पुलिस की भी मदद ली जाएगी। बताया कि पकड़े गए ठगों का आपराधिक इतिहास है।
सुरेश के विरुद्ध महाराष्ट्र के थाणे जिले के कोपरखरैण थाने में भी मुकदमा पंजीकृत है। टीम में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक चुनाव सेल मनोज पंत, दारोगा सुनील सिंह, आकाश वर्मा, हेकां.विजय चौधरी, कां.अखिलेश गुप्ता, प्रशांत मिश्र, अमित गुप्त, नीरज कुमार शामिल रहे।
यह हुई बरामदगी
एक कार, दो लैपटाप, चार मोबाइल, छह एटीएम कार्ड, 11 सिमकार्ड, 12 आधार कार्ड, तीन मुहर, तीन पैनकार्ड, छह पासबुक, चार चेकबुक व एक लाख पांच सौ रुपये नकद बरामद हुए।
यह भी पढ़ें- यूपी में प्री-मैट्रिक और पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए 11 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, विभाग ने शेड्यूल किया जारी