कुशीनगर में बुकिंग के दो सप्ताह बाद भी होम डिलीवरी नहीं, उपभोक्ता परेशान; कालाबाजारी का आरोप
कुशीनगर के हाटा नगर में इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ता होम डिलीवरी में देरी से परेशान हैं। बुकिंग के दो सप्ताह बाद भी सिलेंडर न मिलने से उन्हें गोदाम पर ...और पढ़ें

HighLights
बुकिंग के दो सप्ताह बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर।
उपभोक्ताओं को गोदाम पर घंटों करना पड़ रहा इंतजार।
कालाबाजारियों को आसानी से मिल रहे हैं रसोई गैस सिलेंडर।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। बुकिंग के पखवारे भर बाद भी होम डिलीवरी न मिलने से परेशान उपभोक्ता गोदाम के बाहर कतार लगा रहे। इंतजार में सुबह से शाम हो जा रहा पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा। प्रशासन भी समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है इससे उपभोक्ताओं की समस्या दूर होती नहीं दिख रही है।
हाटा नगर के गोपालपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े रसोई गैस उपभोक्ताओं की दुश्वारी कम होने का नाम नही ले रही। बुकिंग के बाद किस तिथि तक एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की जा रही है यह भी जानकारी उपभोक्ताओं को नही मिल पा रही। रविवार को उपभोक्ता जब एजेंसी पर पहुंचे तो वहां कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं था। कड़ी धूप में घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी निराश लौटना पड़ा।
मोतीपाकड़ निवासी संजय दूबे ने कहा कि 25 मार्च को आनलाइन बुकिंग हुई थी। यहां आने पर बताया जाता है कि होम डिलीवरी की गाड़ी क्षेत्र में गई है, पर अब तक सिलेंडर नहीं मिला। हाटा नगर के रहने वाले तवरेज अहमद ने कहा कि उनकी बुकिंग दस मार्च को हुई है, लेकिन अब तक होम डिलीवरी की गाड़ी मोहल्ले में नही आई।
बाघनाथ के प्रशांत सिंह ने कहा कि प्रशासन ने गैस एजेंसियों को होम डिलीवरी करने का निर्देश दिया है। लेकिन यहां यह व्यवस्था सिर्फ कागजों में ही सिमट कर रह गई है। पोखरभिंडा के रहने वाले वेद प्रकाश मिश्र ने कहा कि बुकिंग व डीएसी आने के बाद भी गैस के लिए कई दिन चक्कर काटना पड़ रहा।
खबरें और भी
रधिया देवरिया निवासी आदित्य यादव, भड़गवां निवासी सतीश शर्मा ने कहा कि सिलिंडर के लिए तीन दिन से एजेंसी पर आ रहा हूं और हर दिन निराश लौटना पड़ा।
बालकुंवा निवासी लहरी चोरसिया, चरिआव बुजुर्ग के उपेंद्र राय, नरायनपुर निवासी तज्जमुल, मिश्र ढ़ाढा निवासी रामनिवास, घोर्टप निवासी अरूण चौहान ने कहा कि बुकिंग के दो दो सप्ताह बाद भी रसोई गैस नही मिल रही। जबकि कालाबाजारियों को सिलिंडर आसानी से उपलब्ध हो जा रही। और वे महंगे दाम पर सिलिंडर बेच रहे हैं।
एजेंसी के संचालक राजेश भारती ने कहा कि दो अप्रैल तक की बुकिंग की होम डिलीवरी दी जा रही है। नियमानुसार सभी को आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी।