विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर को मिलेगी डिजिटल लाइब्रेरी, 16 साल की रागिनी के नेतृत्व में छात्रों ने DM से मनवाई अपनी मांग

Published: Tue, 20 Oct 2026 10:17 AM (IST)

16 वर्षीय रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में यूथ क्लब के छात्रों ने जिलाधिकारी संजय चौहान से मुलाकात कर पडरौना में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग की।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 16 वर्षीय रागिनी ने यूथ क्लब प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

  2. पडरौना में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी की मांग रखी।

  3. जिलाधिकारी ने मांग स्वीकार कर आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। युवाओं को आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षित करने की पहल अब प्रशासन तक पहुंची है। सोमवार को कक्षा 11 की छात्रा एवं तीन यूथ क्लबों की संस्थापक 16 वर्षीय रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में 150 से अधिक सक्रिय छात्र-छात्राओं वाले यूथ क्लबों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी संजय चौहान से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने पडरौना में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने इस पहल का स्वागत करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी की मांग स्वीकार की और छात्राओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिलाने का भी आश्वासन दिया।

एक छत के नीचे पढ़ाई की सुविधाओं की मांग

यूथ क्लब की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में ऐसी कॉमन डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया, जहां विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी संसाधन एक ही स्थान पर मिल सकें। इसमें तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित पुस्तकें, संदर्भ पुस्तकें तथा निःशुल्क ऑनलाइन तैयारी के लिए वाई-फाई युक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने की मांग की गई।

पुस्तकालय परिसर में उपयोग के लिए मोबाइल और टैबलेट की सुविधा देने का भी सुझाव दिया गया। छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग सुरक्षित समय निर्धारित करने की अपील की गई।

तीन कॉलेजों में सक्रिय हैं यूथ क्लब

रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह की अगुवाई में ये यूथ क्लब पिछले कई महीनों से हनुमान इंटर कॉलेज, उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज और स्यो बाई कमला देवी टिबड़ेवाल इंटर कॉलेज में सक्रिय हैं। क्लब की बैठकों में छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं, चिंताओं और भविष्य की जरूरतों पर खुलकर चर्चा करते हैं। इन्हीं चर्चाओं के आधार पर डिजिटल लाइब्रेरी और छात्राओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यूथ क्लब युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें समाजहित में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रतिनिधिमंडल में हनुमान इंटर कॉलेज से श्रेया जायसवाल, मांडवी सिंह और सोनम केसरी तथा उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज से आराधना सिंह, अंशिका वर्मा, रत्ना कुशवाहा, अदिति पांडेय और राबिया तबस्सुम सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में बिस्तर पर मृत मिली किशोरी, गर्दन पर गहरे निशान से मौत संदिग्ध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।