कुशीनगर शिवाघाट पर दिखा घड़ियाल, प्रशासन ने नदी में स्नान पर लगाई पाबंदी
कुशीनगर के शिवाघाट पर घड़ियाल दिखने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। ...और पढ़ें

HighLights
कुशीनगर के शिवाघाट पर घड़ियाल दिखने से हड़कंप मच गया।
प्रशासन ने बांसी नदी में स्नान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई।
लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क रहने की लगातार अपील की जा रही है।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। सेवरही उपनगर के समीप स्थित प्रसिद्ध बांसी नदी के शिवाघाट पर घड़ियाल दिखाई देने की सूचना के बाद नगर पंचायत व पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार यह अपील कराई जा रही है कि अगले आदेश तक कोई भी व्यक्ति नदी में स्नान न करे।
रविवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल, प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, कस्बा प्रभारी अनिल शर्मा व पुलिस टीम शिवाघाट पहुंचे। वहां नदी में स्नान कर रहे बच्चों व अन्य लोगों को बाहर बुलाकर उन्हें संभावित खतरे की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने अभिभावकों से भी बच्चों को नदी के किनारे अकेले न जाने देने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल ने कहा कि जनहित में पूरे नगर क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी घटना को टाल सकती है। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें व सुरक्षा संबंधी अपील का पालन करें।
प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार घाटों पर नजर रखे हुए है। लोगों से अनुरोध है कि नदी में स्नान या अनावश्यक आवाजाही से बचें। यदि किसी स्थान पर घड़ियाल दिखाई दे तो तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें। कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।