Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुशीनगर : विधायक PN पाठक ने थामी शहर के विकास की कमान, लेकिन नहीं शुरू करा सके अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 05:04 PM (GMT+05:30)

    कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक पीएन पाठक के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी हुआ है, जिसमें कृषि विश्वविद्यालय और सड़क निर्माण जैसी उपलब्धियां गिना ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण और कक्षाओं का संचालन बड़ी उपलब्धि।

    2. अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान शुरू न होना, विकास अधूरा।

    3. सड़क, बिजली, पर्यटन में सुधार, पर रोजगार की कमी।

    जागरण संवाददाता, कुशीनगर। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में बीते चार साढ़े चार वर्ष के दौरान कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण और कक्षाओं का संचालन एक बड़ी उपलब्धि है, तो सभी संसाधनों से लैस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान शुरू नहीं हो पाने से मुकाम अधूरा ही है। सड़क, नाली, पेयजल, इंटरलाकिंग, आपूर्ति, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार आदि से संबंधित काफी कार्य हुए हैं। जर्जर गोबरहीं-हेतिमपुर, टेकुआटार-मथौली, अहिरौली राजा-बाड़ीपुल आदि मार्गों की सूरत संवरी है।

    विधायक ने सड़क निर्माण के साथ जलभराव की समस्या को दूर करने को लेकर नाला का जाल बिछाया, लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है। कुशीनगर में 14 करोड़ से बुद्धा थीम पार्क के निर्माण संग बुद्ध विहारों के विकास से पर्यटन विकास ने नया आकार लिया है। धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने को लेकर शुरू सरकार के प्रयास को मुकाम तक पहुंचने के लिए अभी भी लंबी यात्रा करनी है।

    Kushinagar News (1)

    विधायक के प्रयास से 260 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि व कुबेरस्थान एवं मांडेराय में बिजली सब स्टेशन के निर्माण से गांवों में बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है तो पूरी तरह से निजात मिलना अभी भी बाकी है। 59 करोड़ की लागत से पकवाइनार से गोपालगढ़ बाईपास का निर्माण, आठ करोड़ की लागत से बरवा फार्म में आलू अनुसंधान केंद्र का निर्माण, चार करोड़ से श्रीराम जानकी मठ मंदिर का सुंदरीकरण, दो करोड़ की लागत से कुबेरस्थान में वृहद गोशाला का निर्माण के साथ 14 करोड़ से कुशीनगर में लाइट एंड साउंड प्रोग्राम शो ने विकास को गति दी है।

    बौद्ध विपश्यना पार्क का सुंदरीकरण

    चार करोड़ की लागत से बौद्ध विपश्यना पार्क का सुंदरीकरण, 45 से अधिक संपर्क मार्गों का निर्माण हुआ है। इससे इतर गांव-गांव में स्वच्छ पेयजल योजना के तहत पानी की टंकी बन कर तैयार है, लेकिन वह चालू नहीं हुई। पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क खोद दिए गए, उनकी भी मरम्मत नहीं हो सकी। विधानसभा क्षेत्र में कोई भी उद्योग स्थापित नहीं हुआ, जहां युवाओं को रोजगार मिले। क्षेत्र में व्यवसायिक शिक्षा के लिए किसी संस्था के न खुलने से युवा निराश हैं।

    खबरें और भी

    Kushinagar News (2)

    पकवाइनार-कुरमौटा मंझरिया, टेकुआटार से नादह होते हुए जिला मुख्यालय तक की सड़क, अर्जुनहा-शिवपुर मार्ग, रामकोला-कसया मार्ग में गंगाछपरा से रामकोला तक 13 किमी. जर्जर मार्ग, सोहसा मठिया बिजली घर के मेन लाइन का मरम्मतीकरण, सोहसा मठिया चौराहा से लक्ष्मीगंज तक नहर की पटरी मार्ग, विजयपुर से पुरैनी होते हुए सिकटिया मार्ग की बदहाली दूर करने में जर्जर बिजली के तारों के बदलने का कार्य दावे के बाद भी नहीं हो सका है।

    कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र पर एक नजर

    • कुशीनगर में कुल मतदाता 337458
    • पुरुष मतदाता-182542
    • महिला मतदाता- 156901

    कराए गए ये महत्वपूर्ण कार्य

    केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन सहित अन्य सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचा है। हर गांव में सड़क, पुल-पुलिया का निर्माण कराकर पेयजल उपलब्ध कराया गया है।

    पहले के मुकाबले हर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था में सुधार हुआ है। 260 गांवों में नया ट्रांसफार्मर लगा कर क्षमता वृद्धि कर लोगों को बिजली की समस्या से निजात दिलाई गई है। क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का सुंदरीकरण कराया गया है तो अनेक स्थानों पर धर्मशाला भी बनवाया गया है। क्षेत्र में सात प्रमुख मार्गों का उच्चीकरण एवं 75 नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन में भेजा गया है। बचे कार्यकाल में इन सभी पूर्ण कराना प्राथमिकता है। पर्यटन विकास की तस्वीर चमक रही है। -पीएन पाठक, विधायक


    केंद्र में 12 वर्ष और राज्य में नौ वर्ष से भाजपा सरकार है। मगर, कुशीनगर रेल लाइन से नहीं जुड़ सका। करोड़ों की लागत से बना इंटरनेशनल एयरपोर्ट धूल फांक रहा है। लचर बिजली व्यवस्था, व्यवसायिक शिक्षा का अभाव भी दूर नहीं किया जा सका। बेरोजगारी और महंगाई बढ़ गई।

    गांव को जोड़ने वाले अधिकांश संपर्क मार्ग जर्जर हैं। वर्षों से लगे बिजली के जर्जर तार बिजली नहीं दे रहे, दुर्घटना में लोगों की जान ले रहे हैं। इस दिशा में भी कोई कार्य ही नहीं हुआ। विकास का केवल ढिंढोरा पीटा जा रहा है। -राजेश प्रताप उर्फ बंटी राव, मुख्य प्रतिद्वंद्वी


    कुशीनगर अकादमिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। विधानसभा क्षेत्र में कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण और उसमें इस सत्र में प्रवेश आरंभ होना मेरी दृष्टि में एक बड़ी उपलब्धि है। यहां रेलवे लाइन की तलाश वर्षों से है। एयरपोर्ट ठप है। इन दोनों पर कार्य होना चाहिए था, इस क्षेत्र की जरूरत है। -डा. गौरव तिवारी, शिक्षक


    चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में सरकार ने काफी कार्य किया है, लेकिन कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य शेष हैं। वर्षों से यहां ट्रामा सेंटर की मांग चली आ रही है। विधायक ने भी इसका प्रस्ताव शासन में भेजा है, लेकिन वह नहीं बन सका। बिजली व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। -डा. आरएस यादव, चिकित्सक

     

    विधायक काफी मिलनसार हैं। लोगों से सहजता से मिलते हैं, समस्याओं के निस्तारण के लिए भी पहल करते हैं। जाम की प्रमुख समस्या का स्थाई समाधान न हो पाना, हम सबको सालता है। कुशीनगर पर्यटक स्थली है। यहां पर्यटकों के ठहराव की दिशा में और कार्य करने की जरूरत है। -प्रमोद सिंह, व्यवसायी


    विधायक का कार्यकाल औसत रहा है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए काफी कुछ हुआ है। एयरपोर्ट से उड़ान न हो पाना बड़ा मुद्दा है। कुशीनगर को रेल लाइन से जोड़ने का सपना भी अधूरा है। शेष बचे कार्यकाल में इस दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य होना चाहिए। -आनंद राय, अधिवक्ता


    भाजपा सरकार के शासन में फसलों का वाजिब मूल्य समय से मिल जा रहा है, लेकिन दूसरी ओर खाद-बीज की किल्लत की परेशानी भी है। इस समय धान और गन्ने में यूरिया की जरूरत है। समितियों पर उपलब्ध नहीं है। खाद-बीज की उपलब्धता सुगम कराने को लेकर कार्य नहीं हुआ। -नंदलाल, किसान


    कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली है। विश्व के कोने-कोने से पर्यटक आते हैं। सुविधाओं के अभाव में वे यहां ज्यादा समय ठहर नहीं पाते। कुशीनगर आने के लिए सड़क मार्ग छोड़ कर कोई अन्य कनेक्टिविटी भी नहीं है। एयरपोर्ट चलता तो यहां पर्यटक आते। इन सुविधाओं की ओर ध्यान देना चाहिए। -नंदरतन, बौद्ध भिक्षु