कुशीनगर में ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार दारोगा को कंटेनर ने कुचला, मौके पर मौत
कुशीनगर में डोल मेला ड्यूटी से लौट रहे दारोगा भवानी प्रसाद पांडेय की बाइक गिट्टी पर फिसलने से दुर्घटनाग्रस्त हो ...और पढ़ें

दारोग़ा भवानी पांडेय की फ़ाइल फोटो
HighLights
डोल मेला ड्यूटी से लौटते दारोगा की बाइक फिसली।
सड़क पर गिरे दारोगा को कंटेनर ने कुचला।
कुशीनगर में दारोगा भवानी प्रसाद पांडेय की मृत्यु।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। डोल मेला ड्यूटी कर पडरौना से थाने जा रहे दारोगा की बाइक सोमवार की दोपहर रवींद्रनगर धूस के सरस्वती चौक के समीप बाईपास मार्ग पर रखी गिट्टी के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई और वे घायल हो गए। इस बीच पीछे से आए कंटनेर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही मृत्यु हो गई। आसपास के लोग शोर मचाते हुए कंटेनर का पीछा किए, लेकिन चालक भाग निकला।
दुर्घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उच्चाधिकारियों तथा दारोगा के स्वजन को इसकी जानकारी दी। एसपी केशव कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों संग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच जानकारी ली। दारोगा सेवरही थाने में तैनात थे। दुर्घटना के समय वे हेलमेट लगाए थे। बताया जाता है कि मूल रूप से बस्ती जिले के सोनहा थाने के नथवापुर गांव के रहने वाले 58 वर्षीय दारोगा भवानी प्रसाद पांडेय सेवरही थाने में तैनात थे।
रविवार की रात उनकी ड्यूटी पडरौना में आयोजित डोल मेले में लगी थी। शाम को ही थाने से रवानगी करा बाइक से वे पडरौना आ गए। मेले के समापन के बाद अगले दिन सोमवार की दोपहर दो बजे के आसपास वे वापस थाने जा रहे थे। रवींद्रनगर धूस थाने के सरस्वती चौक से होकर बाइपास मार्ग पर थोड़ी ही दूर पूरब बढ़े थे कि सड़क पर रखी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और वे सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद दारोगा उठने का प्रयास कर रहे थे कि सरस्वती चौक की ओर से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दुर्घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। आसपास के लोग शोर मचाते हुए कंटनेर का पीछा किए, पर चालक भागने में सफल रहा।
दुर्घटना की जानकारी होते ही रवींद्रनगर धूस थाने की पुलिस पहुंच गई। उच्चाधिकारियों तथा दारोगा के स्वजन को इसकी जानकारी दी। दारोगा के मृत्यु की खबर पाते ही पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी दु:खी हो गए। दारोगा के परिवार में 55 वर्षीय पत्नी कमलेश पांडेय व 28 वर्षीय इकलौता पुत्र अभिषेक पांडेय हैं।
अभिषेक पूर्वोत्तर रेलवे में स्टेशन मास्टर पद पर तैनात हैं। दोनों कुशीनगर के लिए चल दिए हैं। दारोगा की नौ फरवरी 2026 को सेवरही थाने में तैनाती हुई थी। इससे पहले वे कसया थाने में तैनात थे। एसपी केशव कुमार ने बताया कि दुर्घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन व चालक की पहचान के लिए कदम उठाया जा रहा है।
