विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल के उजड़े घरों की कहानी सुना रही ‘नारायणी’, तस्वीरों में देखें एक झलक

Updated: Sun, 30 Aug 2026 09:30 AM (IST)

नारायणी नदी में नेपाल से बहकर आया घरेलू सामान कुशीनगर के किनारे जमा हो रहा है, जो 26 अगस्त की ...और पढ़ें

भैंसहा घाट के सामने नारायणी में बहकर आई लकड़ियों को निकालते ग्रामीण। जागरण

भैंसहा घाट के सामने नारायणी में बहकर आई लकड़ियों को निकालते ग्रामीण। जागरण

HighLights

  1. नारायणी नदी में नेपाल की बाढ़ का मलबा बहकर आया।

  2. कुशीनगर के तटों पर बिखरी उजड़ी गृहस्थी की कहानी।

  3. नेपाल बाढ़ में कुशीनगर के दो लोग लापता हुए।

अजय कुमार शुक्ल, कुशीनगर। नारायणी नदी के किनारे इन दिनों सिर्फ पानी नहीं बह रहा, नेपाल में उजड़े घरों की कहानियां भी तैरती हुई पहुंच रही हैं। कहीं टूटा दरवाजा है, कहीं पलंग का पाया, कहीं लकड़ी का टुकड़ा तो कहीं घर में खाना पकाने वाला गैस सिलेंडर। किनारे पर बिखरे जूते-चप्पल और घरेलू सामान यह अहसास कराने के लिए काफी हैं कि पहाड़ों में आई बाढ़ ने सिर्फ मकान नहीं बहाए, बल्कि लोगों की पूरी गृहस्थी को अपने साथ बहा लिया।

कुशीनगर के खड्डा व तमकुही क्षेत्र में नारायणी के किनारे शुनिवार को ऐसा ही दृश्य दिखाई दिया। छितौनी के समीप नदी के तीन नंबर ठोकर के आसपास बड़ी मात्रा में घरेलू सामान जमा मिला। ग्रामीणों के अनुसार, तेज बहाव में बहकर आए सामान में फर्नीचर, लकड़ी, प्लास्टिक की वस्तुएं और गैस सिलेंडर तक शामिल हैं। कुछ सिलेंडरों में गैस भरी होने की बात भी सामने आई है।

नदी में मृत पशु भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इन सामानों की असली कहानी उनकी कीमत में नहीं, उनसे जुड़ी जिंदगी में छिपी है। जिस सिलेंडर पर किसी घर में रोज रोटी पकती होगी, जिस पलंग पर किसी परिवार का बच्चा सोता होगा और जिस दरवाजे के भीतर किसी परिवार की रोजमर्रा की दुनिया सुरक्षित थी, वही चीजें अब लगभग 300 किलोमीटर दूर दूसरे देश की नदी के किनारे पड़ी हैं।

79480506

नदी किनारे रहने दियारा के लोगों के लिए भी यह दृश्य विचलित करने वाला है, जो खुद हर साल बाढ़ और नदी के बदलते मिजाज से जूझते आ रहे हैं। शिवपुर के शिवबदन प्रसाद, बसंतपुर के राजेश जायसवाल, मरचिहवां के गोविंद प्रसाद कहते हैं कि, हम बाढ़ और उसकी त्रासदी से लड़ना जानते हैं, लेकिन नेपाल से बहकर आई यह गृहस्थी बाढ़ से आगे की एक ऐसी तबाही दिखा रही है, जिसमें लोगों को सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला होगा।

26 अगस्त को नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में आई भयावह बाढ़ का प्रवाह त्रिशूली होते हुए नारायणी तक पहुंचा। कुशीनगर के तट पर बिखरा गृहस्थी का सामान महज मलबा नहीं है। यह उन अनगिनत परिवारों की मौन कहानी है, जिनका घर पानी के एक प्रचंड झटके में घर नहीं रहा। नदी आगे बढ़ जाएगी, सामान बहकर कहीं और चला जाएगा, लेकिन किनारे पर पड़े ये निशान लंबे समय तक यह सवाल छोड़ जाएंगे, जिस घर की पूरी दुनिया पानी में बह गई, वहां बचा क्या होगा।

79466931

नेपाल के रसुआ में कार्यरत कुशीनगर के दो और लोग लापता
नेपाल में 26 अगस्त को जलप्रलय के बाद से रसुआ में एक पावर प्लांट में कार्य करने वाले गायब पांच लोगों के बाद शनिवार को दो और लोगों के गायब होने की खबर ने माहौल को को और गमगीन कर दिया।

79481162

कप्तानगंज थाना के गांव अमडीहा निवासी 32 वर्षीय अरुण कुमार सिंह का संपर्क स्वजन से नही हो पा रहा है। अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं। वह बीते चार वर्षों से रसुआ के त्रिशुली क्षेत्र में कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

79480588

स्वजन के अनुसार 26 अगस्त की सुबह अंतिम बार उनसे बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है। स्वजन कंपनी के कर्मचारियों व परिचितों से जानकारी लेने का प्रयास किए, अबतक कोई सूचना नहीं मिल पाई है। वह एक माह पूर्व ही घर आये थे।

पत्नी सौम्या सिंह चिंतित हैं तो अनहोनी की आशंका में माता पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। बोदरवार के मुंडेरा निवासी रवींद्र सिंह भी लापता है, वह भी इसी कंपनी मेंं कार्यरत थे।

यह भी पढ़ें- नेपाल में तबाही, भारत के सीमावर्ती जिलों पर कितना खतरा? नारायणी के उफान का समझिए पूरा कनेक्शन