कुशीनगर के पडरौना कोतवाली में चौकी इंचार्ज के रिवाल्वर से चली गोली, चौकीदार के पेट में लगी
पडरौना कोतवाली परिसर में चौकी इंचार्ज के निजी रिवाल्वर से गोली चलने से एक चौकीदार घायल हो गया। असलहे की ...और पढ़ें
-1788602825377_m.webp)
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पडरौना कोतवाली में चौकी इंचार्ज के रिवाल्वर से गोली चली।
सफाई के दौरान चौकीदार छोटेलाल जायसवाल के पेट में लगी गोली।
गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर, अब चौकीदार की हालत खतरे से बाहर।
जागरण संवाददाता, पडरौना। पडरौना कोतवाली परिसर में शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बहादुर सिंह के निजी रिवाल्वर से निकली गोली ड्यूटी पर तैनात चौकीदार के पेट में जा लगी। वह लहूलुहान हो गिर पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गोली चलने के बाद पूरे परिसर में अफतरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि चौकी इंचार्ज असलहे की सफाई कर रहे थे, इस दौरान गोली चल गई। अब सवाल यह है कि, वह निजी रिवाल्वर लेकर कोतवाली क्यों आए थे और बिना गोली निकाले वह कैसे सफाई कर रहे थे।
कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि मालखाना में असलहे की सफाई कर रहे थे, गोली दरवाजे पर लगने के बाद चौकीदार को जा लगी।
पडरौना कोतवाली के ही साहबगंज मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय छोटेलाल जायसवाल चौकीदार हैं। सुबह आठ बजे कोतवाली में ड्यूटी पर आए और अपना कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि, दोपहर में कोतवाली पहुंचे पडरौना कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह अपने निजी रिवाल्वर की सफाई करने लगे।
इस दौरान अचानक गोली चल गई और छोटेलाल के पेट में जा लगी। वह वहीं गिर पड़े। आनन-फानन पुलिसकर्मी मेडिकल कालेज रवींद्रनगर धूस ले गए, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि, क्या सफाई से पहले चौकी इंचार्ज ने गोली नहीं निकाली थी। पेशेवर होने के बाद भी उनसे असलहे की सफाई के दौरान ऐसी चूक कैसे हुई, जो चौकीदार के जान पर बन आई।
यह भी पढ़ें- PM मत्स्य संपदा योजना: कुशीनगर में पांच सालों में बढ़ा 7000 टन मछली का उत्पादन, 30 हजार लोगों को रोजगार
एसपी केशव कुमार ने बताया कि, मामला गंभीर है। गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी प्रारंभिक जांच के लिए सीओ सदर राकेश प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डाक्टरों ने बताया है कि, चौकीदार की हालत खतरे से बाहर है।
