कुशीनगर में प्री-प्राइमरी के बच्चों को भी मिलेंगे यूनिफॉर्म के 1200 रुपये, डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी राशि
पीएम श्री विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के 3-6 वर्ष के बच्चों को अब यूनिफॉर्म, जूते और मोजे के लिए ₹1200 ...और पढ़ें
-1793016294777_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, सेवरही। बेसिक शिक्षा विभाग के पीएम श्री विद्यालयों में संचालित प्री प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों को भी अब यूनिफार्म, जूता और मोजा के लिए 1200 रुपये मिलेंगे। पहली बार तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को इस योजना के दायरे में लाया गया है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले नौनिहालों को भी विद्यालय आने के लिए निर्धारित पोशाक और जरूरी सामग्री खरीदने में मदद मिलेगी।
योजना की धनराशि अभिभावकों के आधार लिंक बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। जिले के 31 पीएम श्री विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन प्री प्राइमरी कक्षाओं की तर्ज पर किया जा रहा है। इन केंद्रों पर तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा दी जाती है। अब तक इन बच्चों को यूनिफार्म, जूता और मोजा खरीदने के लिए सरकारी सहायता नहीं मिलती थी।
पहली बार योजना में शामिल किए जाने से बच्चों को इसका लाभ मिल सकेगा। इससे अभिभावकों को भी आर्थिक राहत मिलेगी। विभाग की ओर से लाभार्थी बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों का विवरण अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर की शुरुआत में धनराशि भेजे जाने की उम्मीद है।
पीएम श्री विद्यालयों के अतिरिक्त जिले के करीब 1624 अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी आंगनबाड़ी केंद्र प्री-प्राइमरी कक्षाओं की तर्ज पर संचालित किए जा रहे हैं। हालांकि, पहले चरण में केवल पीएम श्री विद्यालयों के केंद्रों को ही इस योजना में शामिल किया गया है। भविष्य में अन्य केंद्रों के बच्चों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है।
बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीएम श्री विद्यालयों में संचालित प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों को यूनिफार्म, जूता और मोजा के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसका उद्देश्य बच्चों को शुरुआती स्तर से ही विद्यालयी शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनमें नियमित रूप से विद्यालय आने की आदत विकसित करना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।