जर्मनी में नर्सिंग करियर का सुनहरा मौका, 2.25 लाख रुपए तक मिलेगी सैलरी; ऐसे करें अप्लाई
लखीमपुर खीरी के युवाओं के लिए जर्मनी में नर्सिंग और केयरगिवर के 1000 पदों पर रोजगार का सुनहरा अवसर है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
जर्मनी में नर्सिंग और केयरगिवर के 1000 पद उपलब्ध।
बीएससी नर्सिंग या जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन।
मासिक 2.25 लाख तक वेतन, 5 दिन कार्य सप्ताह।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। जिले के नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला सेवायोजन अधिकारी साक्षी डांगुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से जर्मनी में नर्सिंग एवं केयरगिवर के क्षेत्र में बड़ी संख्या में भर्ती की जा रही है। इस अभियान के तहत लगभग एक हजार पदों पर चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीएससी नर्सिंग अथवा जीएनएम उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। फ्रेशर से लेकर 13 वर्ष तक का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। चयनित अभ्यर्थियों को जर्मनी में नर्सिंग, केयरगिवर, केयरटेकर एवं पेशेंट केयर से संबंधित कार्य करने का अवसर मिलेगा। वहां आठ घंटे की ड्यूटी तथा सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था के साथ लगभग 2.25 लाख रुपये प्रतिमाह तक का आकर्षक वेतन प्राप्त हो सकता है।
रोजगार संगम पोर्टल पर हो सकेंगे आवेदन
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिले में संचालित जीएनएम एवं नर्सिंग संस्थानों से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवा निकलते हैं। ऐसे युवाओं के लिए यह अवसर न केवल बेहतर रोजगार उपलब्ध कराएगा बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का भी माध्यम बनेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समय रहते रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
साक्षी डांगुर ने कहा कि विदेश में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा रोजगार संगम पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर युवाओं के सुरक्षित भविष्य, आर्थिक उन्नति और बेहतर जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।