लखीमपुर में 30 दिवसीय फ्री कांवड़िया सेवा शिविर शुरू, शिवभक्तों को मिलेंगी स्पेशल सुविधाएं
लखीमपुर के आधारपुर में सावन माह के लिए 30 दिवसीय निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर शुरू हुआ है। यह शिविर शिवभक्तों को स्नान, भोजन, विश्राम और प्राथमिक उपच ...और पढ़ें

आधारपुर में 30 दिवसीय निश्शुल्क कांवड़िया सेवा शिविर शुरू।
HighLights
लखीमपुर में 30 दिवसीय निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर शुरू।
शिवभक्तों को चौबीसों घंटे स्नान, भोजन, विश्राम की सुविधा।
यह शिविर पिछले 12 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा।
संवाद सूत्र, कैमहरा-रूकुंदीपुर (लखीमपुर)। सावन माह में कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले शिवभक्तों की सुविधा के लिए लखीमपुर-गोला हाईवे स्थित ग्राम आधारपुर के निकट 30 दिवसीय निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया है।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शिवभक्तों के सहयोग से आयोजित इस सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए चौबीसों घंटे विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयोजकों ने बताया कि शिविर में आने वाले कांवड़ियों के लिए निःशुल्क स्नान, विश्राम, भोजन, नाश्ता, पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं दवाइयों की समुचित व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा आराम के लिए कुर्सी, मेज, सोफा और तख्त लगाए गए हैं, ताकि लंबी यात्रा के दौरान थके हुए श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। पूरे शिविर परिसर को आकर्षक पंडाल एवं धार्मिक सजावट से सजाया गया है, जिससे यहां भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
शिविर का संचालन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक लगातार 24 घंटे किया जाएगा। सेवा कार्य में स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और शिवभक्तों की सक्रिय भागीदारी है। शिविर में स्वयंसेवक दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं, जिससे किसी भी कांवड़िए को असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिविर के आयोजक नटवर सिंह ने बताया कि यह कांवड़िया सेवा शिविर पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। लखीमपुर शहर के व्यापारियों तथा ग्रामीण क्षेत्र के शिवभक्तों के सहयोग से यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित होता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा को भगवान शिव की सेवा मानते हुए सभी स्वयंसेवक पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से भी अपील की है कि वे सेवा शिविर में पहुंचकर अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें तथा शिवभक्तों की सेवा कर पुण्य के भागीदार बनें। सावन के दौरान बड़ी संख्या में गुजरने वाले कांवड़ियों को यह शिविर राहत और सुविधा प्रदान कर रहा है।