तेंदुए ने पति पर किया हमला तो हंसिया लेकर भिड़ी पत्नी, आठ मिनट तक चला संघर्ष, फिर दुम दबाकर भागा तेंदुआ
लखीमपुर खीरी में एक महिला ने अपने पति को तेंदुए के हमले से बचाने के लिए अदम्य साहस दिखाया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
महिला ने हंसिया लेकर तेंदुए से पति को बचाया।
आठ मिनट तक चला महिला और तेंदुए का संघर्ष।
ग्रामीण एकत्र हुए, तेंदुए को खदेड़कर भगाया गया।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। पति की जान बचाने की खातिर तेंदुए से भिड़ी महिला ने अदम्य साहस दिखाया। वह खुद को ही नहीं बल्कि अपने पति को भी मौत के मुंह से खींच लाई। पति कर हमला होने के बाद महिला हंसिया लेकर तेंदुए के सामने खड़ी हो गई और तेंदुए से करीब आठ मिनट तक भिड़ी रही।
इस मुठभेड़ में पति समेत महिला के शरीर में कई जगह गहरे जख्म हो गए। उधर महिला और तेंदुए के बीच संघर्ष की आहट सुनते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और लाठी डंडो से तेंदुए को खदेड़कर भगाया।
गन्ने के खेत में छिपा था तेंदुआ
ये घटना मझगईं वन रेंज के बल्लीपुर गांव के पास गुरुवार की शाम को गांव निवासी 50 वर्षीय किसान राजेंद्र अपनी पत्नी रामरती के साथ गांव के दक्षिण दिशा में स्थित खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक राजेंद्र पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले से राजेंद्र संभल ही नहीं पाए। पति को तेंदुए के चंगुल से बचाने के लिए रामरती आगे बढ़ीं तो तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। देखते ही देखते खेत में चीख-पुकार मच गई।
रामरती ने बताया कि करीब आठ मिनट तक तेंदुए से संघर्ष करते रहे। उनकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। किसानों ने एकजुट होकर शोर मचाया तो तेंदुआ दुम दबाकर गन्ने के खेत में भाग गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ग्रामीणों में भय व्याप्त
आबादी के पास खेत में काम कर रहे दंपती पर तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में गन्ने की फसल खड़ी होने के कारण तेंदुए की मौजूदगी से खतरा बढ़ गया है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
तेंदुए को पकड़ने के लिए लगेगा पिंजरा
मझगईं रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि दंपती पर तेंदुए के हमले की सूचना मिली थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी गई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।