लखीमपुर में ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, 10 साल के बच्चे की जान लेने वाला आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में फंसा
लखीमपुर खीरी के उत्तर निघासन वन रेंज में एक 10 वर्षीय बालक की जान लेने वाला तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया है। ...और पढ़ें

HighLights
तेंदुआ लखीमपुर खीरी के उत्तर निघासन रेंज में पकड़ा गया।
इस तेंदुए ने 10 वर्षीय बालक गोलू पर हमला किया था।
पकड़ा गया नर तेंदुआ बेलरायां रेंज ले जाया गया।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। उत्तर निघासन वन रेंज के बैरिया बीट क्षेत्र में पिछले सप्ताह 10 वर्षीय बालक पर हमला कर उसे मौत के घाट उतारने वाला तेंदुआ शनिवार रात विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने से खेतों पर काम करने वाले ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
गांव बाबागंज में 23 जुलाई को बकरियां चराते समय तेंदुए ने ग्रामीण बुद्धा के पुत्र गोलू पर हमला किया था। घटना के बाद ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए वन कर्मियों ने तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए कई जगह कैमरे लगाए और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। इस दौरान तेंदुए ने डंडूरी गांव में कई घरों से बकरों को उठा लिया।
शनिवार रात डंडूरी गांव के बाहर लगे पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया। ग्रामीणों का मानना है कि क्षेत्र में अभी भी कई अन्य तेंदुए हो सकते हैं।
रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ नर है और इसे बेलरायां रेंज ले जाया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसे छोड़ने का स्थान चिह्नित किया जाएगा।