Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रिहाई के बाद भी नहीं मिलेगी राहत, अपराधियों पर रहेगी पुलिस की चौकस नजर, ललितपुर एसपी ने दिए निर्देश

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 11:43 PM (IST)

    पुलिस अधीक्षक ललितपुर ने जेल से छूटने वाले अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने की नई रणनीति बनाई है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. जेल से छूटे अपराधियों पर पुलिस की कड़ी निगरानी।

    2. अपराधियों के फिंगरप्रिंट और गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

    3. पुलिस को हाई-टेक बनाकर अपराधों पर अंकुश लगाया जाएगा।

    जागरण संवाददाता, ललितपुर। जेल से छूटने वाले अपराधियों का रिकॉर्ड व गतिविधि पर नजर रखने के लिये पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेयी ने रुपरेखा तैयार की है। उन्होंने कहा कि अब जिले के सभी शातिर अपराधियों का रिकॉर्ड थाने में रखा जायेगा। जेल से छूटने के बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जायेगी।

    पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध रोकने के लिये पुलिस को हाइटैक व प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके लिये सबसे पहले जेल चौकी को एक्टिव किया जायेगा। जेल से छूटने वाले अपराधियों का डाटा रखकर वहां से सम्बन्धित थानों में सूचित किया जायेगा। साथ ही सम्बन्धित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी व हल्का इंचार्ज इन सभी पर नजर रखेंगे। साथ ही इनकी प्रतिदिन की गतिविधियों का जायजा लिया जायेगा।

    उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र के अपराधियों पर नजर न रखने के कारण घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इनकी गतिविधियों का ब्यौरा थानास्तर रखा जायेगा, जिससे अपराधियों की निगरानी की जायेगी।

    साथ ही उन्होंने सभी प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को चेतावनी दी है, अगर उनके क्षेत्र में कोई वारदात होती है। जो किसी पुराने शातिर अपराधी ने घटित की है, तो उसे तत्काल गिरफ्तार न करने पर उनके खिलाफ प्रभावी कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

    अपराधियों के फिंगर प्रिंट का रहेगा रिकॉर्ड

    जेल जाने वाले सभी अपराधियों के फिंगर प्रिंट का ब्यौरा पुलिस के पास रखा जाएगा। चोरी व अन्य घटनाएं होने पर पुराने अपराधियों के फिंगर प्रिंट का मिलान किया जाएगा। फॉरेंसिक व अन्य डिजिटल उपकरणों को दुरुस्त किया जाएगा।

    खबरें और भी

    जेल में पहुँचे अपराधियों का रिकॉर्ड रहेगा पुलिस के पास

    जेल जाने वाले अपराधियों की दसों उंगलियों के निशान, जेल के अन्दर व्यवहार व अन्य गतिविधियों पर पुलिस पैनी नजरें बनाए रखेगी। इसका पूरा ब्यौरा पुलिस के पास होगा।

    साथ ही पुलिस जेल से छूटने का परवाना होने व जेल से बाहर निकलने का ब्यौरा भी पुलिस अपने पास रखेगी। अभी तक इन बिन्दुओं पर कार्य न होने के कारण अपराधी जेल से छूटने के बाद अपराध कर फरार हो जाते हैं। पुलिस लाठी पीटती नजर आती है।

    शातिर अपराधियों से मिलने वालों पर नजर रखेगी पुलिस

    पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही नई व्यवस्था लागू करने निर्णय लिया है। इसके तहत जेल में बन्द शातिर अपराधियों से मिलने वालों की सूची तैयार की जाएगी। साथ ही उनकी गतिविधि पर ध्यान रखा जाएगा। इससे जिले में बन्द अपराधी किसी अपराध अंजाम न दिला सकें।

    अपराधियों का पूरा ब्यौरा थाना व कोतवाली स्तर रखने के निर्देश जारी किये गये हैं। जेल से छूटने वाले अपराधियों पर पुलिस पैनी नजर रखेगी, जिससे वह अपराध न कर सकें। शातिर अपराधियों से मिलने वालों लोगों की सूची व उन पर निगरानी रखी जाएगी। इससे अपराध पर लगाम लगेगी।

    -संजीव कुमार बाजपेयी, पुलिस अधीक्षक ललितपुर।