'आने वाली पीढ़ियों को नहीं भुगतना पड़ेगा पानी का संकट', नल से जल की कमान पाकर भावुक हो उठे ललितपुर के ग्रामीण
ललितपुर के तालबेहट ब्लॉक के तिन्द्रा गांव में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने 'नल से जल' योजना ग्रामवासियों को सौंपी, जिससे वे भावुक हो उठे। ग्राम ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ललितपुर। प्रदेश के हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य में जुटी राज्य सरकार अब परियोजनाओं को पूरा कर मिशन मोड में ग्राम पंचायतों को हैंडओवर करने जुट गई है। इसी के तहत शनिवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ललितपुर के तालबेहट ब्लॉक के तिन्द्रा गांव में जल अर्पण कार्यक्रम कर ग्रामवासियों को नल से जल पहुंचाने वाली इस योजना की कमान सौंपी। कभी पानी के लिए दूर-दूर तक भटकने वाले ग्रामवासी अपने हाथों में पानी की सप्लाई की कमान पाकर बेहद भावुक नजर आए। ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि वो अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी का संरक्षण करेंगे। जिससे पानी के जो दुख और संकट उन्होंने झेला, वो उनकी आने वाली पीढ़ियों को न भुगतना पड़े।
तालबेहट ब्लॉक के तिन्द्रा गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के मौके पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राज्य सरकार घरों तक नल से जल की सप्लाई के साथ-साथ परिवारों को फ्री में राशन, घर तक बिजली, पक्की सड़क, किसान सम्मान निधि और बच्चों को पोषण आहार की सुविधा मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नल से जल आप लोगों के घरों तक पहुंचा दिया है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप पानी का इस्तेमाल भी करें और संरक्षण भी करें। जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी इसी तरह घर तक पानी की सप्लाई मिलती रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे।
जमीनी हकीकत जानने के लिए गांव-गांव पहुंच रही जल जीवन मिशन की टीम
कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि वो और जल जीवन मिशन की पूरी टीम गांव-गांव जाकर जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत जान रही है। यह सुनिश्चित कर रही है कि हर घर तक नल से जल पहुंचे। इसमें किसी भी तरह का भेदभाव न हो। इस दौरान जलशक्ति मंत्री ने ग्रामवासियों से पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना किसानों को आत्मनिर्भर बना रही है।
ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर जलशक्ति मंत्री व टीम का किया स्वागत
कभी पानी के लिए दूर-दूर तक भटकने वाले तालबेहट ब्लॉक के टिंडरा गांव के लोग अपने घरों में नल से जल की सप्लाई के बाद बेहद भावुक हो उठे। पानी मिलने से खुश ग्रामवासियों ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नमामि गंगे विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव समेत जल जीवन मिशन की पूरी टीम का फूलों से भव्य स्वागत किया। इस मौके पर करीब 200 मीटर तक ग्रामवासियों ने जलशक्ति मंत्री और उनकी टीम पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत भव्य किया।
योजना से पहले की आपबीती बताते हुए भावुक हुईं महिलाएं और ग्राम प्रधान
जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने जल जीवन मिशन योजना आने से पहले के अपने अनुभवों को भी साझा किया। गांव की महिलाओं ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि पहले हमें पानी के लिए 2 से 3 किलोमीटर तक पैदल चलकर पानी लाना पड़ता था। जिसकी वजह से न हम परिवार को समय नहीं दे पाते थे। पानी की कमी के चलते कई बार गर्मियों में पलायन तक करना पड़ता था। मगर अब घर-घर नल से जल पहुंचने से बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों में सुधार हुआ है। गर्मियों के दौरान भी पानी की सप्लाई गांवों में हो रही है।
खबरें और भी
आपबीती सुनाते हुए कई महिलाओं के आंखों से आंसू झलक उठे। उन्होंने हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जल जीवन मिशन की पूरी टीम को धन्यवाद दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान ने कहा कि जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर तक पानी की सुविधा मुहैया हो रही है। पहले महिलाओं को दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था। आज जल जीवन मिशन योजना की देन है कि आज हर घर तक नल से जल पहुंच रहा है।