लखनऊ सहित प्रदेश के सात शहरों में आवास विकास परिषद के 2070 से अधिक फ्लैट खाली
UP Awas Vikas Parishad Flats: उत्तर प्रदेश में सेना और अर्धसैनिक बल के कर्मियों के लिए अपने घर का सपना साकार करने का मौका है। आवास विकास परिषद ने अपनी ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद
HighLights
फ्लैट का 25 प्रतिशत भुगतान पर सैनिकों व सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा कब्जा
61 से 90 दिन में भुगतान पर 10 प्रतिशत की छूट, आधा धन जमा कर ले सकते कब्जा
आवास विकास परिषद पहले आओ पहले पाओ के तहत कर रहा फ्लैट्स की बिक्री
किस्तों पर फ्लैट खरीदने पर दस वर्ष तक जमा करनी होगी ब्याज सहित धनराशि
जागरण संवाददाता, लखनऊ : उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद अपने खाली फ्लैट्स को बेचने के लिए तमाम आफर ला रही है। इसी क्रम में परिषद ने सैनिकों और सरकारी कर्मचारियों के लिए भुगतान की प्रक्रिया को काफी आसान कर दिया है।
आवास विकास परिषद का फ्लैट खरीदने पर अब 31 मार्च तक छूट मिलेगी। लखनऊ सहित सात शहरों में परिषद के वन बीएचके से लेकर फोर बीएचके तक के 2070 से अधिक फ्लैट खाली हैं। फ्लैटों की बिक्री में सेवारत या सेवानिवृत्त सरकारी व अर्ध सरकारी कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों, पूर्व और वर्तमान सैनिकों को 25 प्रतिशत धनराशि का भुगतान करने पर कब्जा दिया जाएगा। वहीं, सामान्य आवेदकों को 50 प्रतिशत धनराशि के भुगतान पर कब्जा मिलेगा।
परिषद फ्लैटों की बिक्री पहले आओ पहले पाओ के तहत कर रहा है। फ्लैटों की बिक्री में छूट 31 जनवरी तक मिलनी थी, अब उसे बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया गया है। अब फ्लैट बुक कराने की तारीख से 60 दिन में संपूर्ण भुगतान करने पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, 61 से 90 दिन में फ्लैट का एकमुश्त भुगतान करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
इसमें सशस्त्र व अर्ध सैनिक बलों के सेवारत व सेवानिवृत्त कार्मिकों को फ्लैट बुकिंग पर आवंटन की तारीख से 60 दिन में पूरा भुगतान करने पर 50 प्रतिशत, 61 से 90 दिनों में पूरे भुगतान पर 15 प्रतिशत और 91 से 120 दिनों में पूरे भुगतान पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। किस्तों पर फ्लैट खरीदने पर दस वर्ष तक ब्याज सहित धनराशि जमा करनी होगी।
खबरें और भी
उप आवास आयुक्त लखनऊ जोन चंदन पटेल ने कहा कि अब होली व अन्य त्योहार पर लोग आसानी से फ्लैट बुक करा सकते हैं। पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत बुकिंग से लोगों को लाभ मिलेगा।
इन योजनाओं में बुक करा सकते फ्लैट
लखनऊ की अवध विहार योजना, वृंदावन योजना व राजाजीपुरम योजना में फ्लैट खाली हैं। सहारनपुर में शाकुंभरी विहार योजना, आगरा की सिकंदरा योजना, मुरादाबाद की मझोला योजना संख्या चार भाग दो, कानपुर की अंबेडकरपुरम योजना संख्या तीन कल्याणपुर, गाजियाबाद की सिद्धार्थ विहार व मंडोला योजना और मेरठ की जागृति विहार योजना द्वितीय।