उत्तर प्रदेश के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट, योगी सरकार का Gen-Z को बड़ा तोहफा
यूपी कैबिनेट ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
-1775558410412-1787711129043_m.webp)
योगी सरकार 25 लाख युवाओं को मुफ्त में टैबलेट देगी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के 25 लाख और युवाओं को जल्द टैबलेट मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
टेंडर प्रक्रिया में चयनित संस्थाओं को टैबलेट की आपूर्ति के लिए क्रय आदेश जारी किए जाएंगे। पात्र युवाओं को ये टैबलेट निश्शुल्क दिए जाएंगे।
मंगलवार का दिन युवाओं के लिए मंगलकारी रहा। सुबह मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम में छह माह में एक लाख नौकरियां देने की घोषणा की। शाम को कैबिनेट की बैठक में युवाओं से जुड़े कई निर्णय किए। मेडिकल छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में भी दोगुणा से अधिक की वृद्धि की गई।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास और अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े पात्र युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि योजना में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण और आइटीआइ से जुड़े पंजीकृत युवाओं को भी शामिल किया गया है।
टैबलेट मिलने से प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ेगा और युवाओं की रोजगारपरक दक्षता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना पांच वर्ष के लिए लागू है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रविधान किया गया है। एक टैबलेट करीब 17 हजार रुपये का खरीदा जाएगा। उल्लेखनीय है कि अब तक सरकार लगभग 60 लाख टैबलेट व स्मार्ट फोन पात्र युवाओं को दे चुकी है।
