लखनऊ में डीसीएम में पीछे से घुसी तेज रफ्तार स्कार्पियो, एक युवक की मौत और पांच गंभीर
Accident in Lucknow: शुक्रवार तड़के स्कार्पियो दरोगा खेड़ा के पास एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे से उतरकर कानपुर रोड पर पहुंची। इसी दौरान स्कार्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से घुस गई।

स्कार्पियो में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकलकर्मियों को गाड़ी का गेट काटना पड़ा।
HighLights
सरोजनीनगर में हादसा, जोरदार टक्कर से डीसीएम के पिछले पहिये बाहर निकले
गेट काटकर निकाले गए स्कार्पियो सवार, झांसी से देवरिया जा रहे थे स्कार्पियो सवार
संवाद सूत्र, लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के कानपुर रोड पर दरोगा खेड़ा के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे से उतरकर आ रही स्कार्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से घुस गई।
स्कार्पियो सवार एक युवक की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कार्पियो में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकलकर्मियों को गाड़ी का गेट काटना पड़ा। जोरदार की वजह से डीसीएम के पिछले पहिये निकल गए।
पुलिस के मुताबिक, देवरिया के सलेमपुर के शंकर नगर मझौली निवासी 22 वर्षीय हिमांशु, 25 वर्षीय किशोर कुमार, 23 वर्षीय सुधीर, 24 वर्षीय सतीश, 25 वर्षीय हीरा और 27 वर्षीय अच्छे लाल स्कार्पियो से झांसी से अपने घर लौट रहे थे। स्कार्पियो किशोर कुमार चला रहे थे।
शुक्रवार तड़के स्कार्पियो दरोगा खेड़ा के पास एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे से उतरकर कानपुर रोड पर पहुंची। इसी दौरान स्कार्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से घुस गई। स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। उसमें सवार सभी छह लोग अंदर फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने गाड़ी का गेट काटकर चालक किशोर और उसके बगल में बैठे हिमांशु को बाहर निकाला। अन्य घायलों को भी निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस सभी छह लोगों को लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। अन्य पांच का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हिमांशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस फरार डीसीएम चालक की तलाश और हादसे के कारण का पता लगा रही है।