विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देश को लूटना ही इंडी गठबंधन का उद्देश्य, ये देश में लागू करना चाहते हैं तालिबानी शासन: सीएम योगी आदित्यनाथ

Published: Thu, 23 May 2024 10:42 PM (IST)

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार में धुआंधार प्रचार करते हुए 2 लोकसभा सीटों के लिए जनसभा को संबोधित ...और पढ़ें

सीएम योगी ने बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में चुनावी जनसभा को किया संबोधित
सीएम योगी ने बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में चुनावी जनसभा को किया संबोधित

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार में धुआंधार प्रचार करते हुए 2 लोकसभा सीटों के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के पश्चिमी और पूर्वी लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल का उद्देश्य मिलकर लड़ना और जीतकर लूटना है।

सीएम योगी ने जनसभा में मौजूद बुलडोजर को देखते हुए कहा कि यहां आने से पहले जो बुलडोजर यहां मंगाया गया है, यही माफिया और आतंकवादियों का सबसे अच्छा उपचार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) देश में पर्सनल लॉ के जरिए तालिबानी शासन लागू करना चाहते हैं। ऐसे तालिबानी शासन में बेटियां पढ़ने नहीं जा पाएंगी, महिलाएं बाजार नहीं जा पाएंगी और बुर्के में कैद हो जाएंगी, जिसे कोई भी हिन्दुस्तानी बर्दाश्त नहीं कर सकता है।

अयोध्या में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक हो रहा है

सीएम योगी ने पश्चिमी चंपारण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार में आतंकवाद और नक्सलवाद का सफाया हो चुका है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम विराजमान हो गये हैं। इस एक बात से ही बिहारवासी इतने मगन हैं, क्योंकि बिहार माता जानकी का मायका है। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक हो रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की साधना स्थली भले ही यहां पर है, मगर उनके नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण अयोध्या में हुआ है। वहां जितने भी विश्रामालय हैं वो निषादराज के नाम पर हैं। नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था माता शबरी के नाम पर हो रही है।

भाजपा और एनडीए देश का सम्मान बढ़ा रही है, सुरक्षा को मजबूत बना रही है। वहीं कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन का उद्देश्य है मिलकर लड़ना और जीतकर लूटना है। बिहार को जिस अराजकता से जेडीयू और बीजेपी ने उबारा है उसे फिर से नहीं लाना है। बिहार में लालू जी कहते हैं कि ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे देना चाहिए। यही बात कांग्रेस का मेनिफेस्टो भी कहता है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से काटकर मुसलमानों को देना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से उबारा है। वहीं राहुल कह रहे हैं कि एक झटके में वह सबको गरीबी से उबार देंगे। उसके लिए वह हर एक की व्यक्ति की संपत्ति का सर्वे कराएंगे और उसपर विरासत टैक्स लगाएंगे। पूर्वजों की संपत्ति में से आधी संपत्ति लेकर उसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को बांटेंगे।

सीएम योगी ने कहा कि विरासत टैक्स के बाद आपके घर के एक कमरे में जबरदस्ती किसी मुसलमान को दे दिया जाएगा। कांग्रेस का ये विरासत टैक्स जजिया कर है। हमें जजिया कर नहीं चाहिए। हमें देश की आवाज के साथ एक जुट होकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार भी देश की बागडोर को सौंपना है।

कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन बिहार के लिए अशुभ

सीएम योगी ने पूर्वी चंपारण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी राम विरोधी और भारत विरोधी हैं। इनके कारनामे गरीब विरोधी हैं। ये जनता, बेटी और व्यापारी की सुरक्षा के विरोधी हैं। उन्होंने बिहार में बीजेपी और जेडीयू की सरकार और केंद्र में एनडीए सरकार आने के बाद देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और गरीब कल्याकारी योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन बिहार के लिए अशुभ है। इनके राज में गुंडागर्दी, लूटपाट और उपद्रव होते हैं।

बिहार बदनाम हो चुका था, भूख से गरीब तड़पता था, किसान आत्महत्या और नौजवान पलायन के लिए मजबूर होता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस और आरजेडी के समय में आतंकी वारदात होती थी। आज मोदी जी के नेतृत्व में आतंकियों का सफाया हो गया है। ये नया भारत है ये किसी को छेड़ता नहीं है, मगर कोई छेड़ेगा तो छोड़ता भी नहीं है। यही कारण है कि आज पाकिस्तान अपने को बचाव की मुद्रा में रखता है।

सीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन अपने मेनिफेस्टो में मुस्लिमों को खान-पान की स्वतंत्रता देने की बात करता है। इसका मतलब है कि ये मुसलमानों को गोमांस खाने की छूट देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब मुसलमान गोमांस खाता है तो हिन्दू उग्र होकर कहता है कि जनम जनम का नाता है गाय हमारी माता है। इसे हम स्वीकार नहीं करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।