'स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच'; अजय राय ने CM योगी को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की है। ...और पढ़ें

अजय राय
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी की जांच स्वतंत्र व निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग की है। इस संदर्भ में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखे पत्र में मांग की है कि मंदिर में चढ़ावा, दान, भूमि क्रय, निर्माण कार्यों एवं वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र एजेंसी से विस्तृत जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने लिखा है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों करोड़ देशवासियों की आस्था का केंद्र है। दो वर्ष पूर्व देश-विदेश के असंख्य श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और सहयोग से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निमार्ण हुआ है। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2021 में मंदिर एवं उसके आसपास के विकास कार्यों के लिए भूमि क्रय में कथित मूल्य वृद्धि और अनियमितताओं के संबंध में भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।
सार्वजनिक रूप से उपलब्ध दस्तावेजों में यह प्रश्न उठाया गया कि कुछ भूमि अल्प समय के भीतर अत्यधिक बढ़े हुए मूल्य पर ट्रस्ट को बेची गई। निर्माण कार्यों में भी कमीशनखोरी के भी आरोप सामने आए थे, इनकी जांच अभी तक नहीं कराई गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह मांग भी की है कि मंदिर में स्थापना दिवस से अब तक प्राप्त समस्त नकद चढ़ावे, डिजिटल दान, स्वर्ण, रजत एवं अन्य बहुमूल्य दान तथा निर्माण सामग्री के अलावा अन्य खर्च का स्वतंत्र लेखा परीक्षण एवं भौतिक सत्यापन कराया जाए।