विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘MLC चुनाव में भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले दिल्ली का नहीं उठा रहे फोन', रिजल्ट के बाद अखिलेश का सरकार पर तंज

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:01 AM (IST)

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव परिणामों पर भाजपा को 'ऑल आउट' बताया, कहा कि लखनऊ वाले दिल्ली का फोन नहीं उठा रहे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. अखिलेश ने कहा, एमएलसी चुनाव में भाजपा 'ऑल आउट' हुई।

  2. आकाश अग्रवाल अपमान पर वैश्य समाज को पीडीए से जोड़ा।

  3. भाजपा पर वाराणसी, गोरखपुर में धांधली का आरोप।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान परिषद चुनाव के परिणाम को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा,‘वाराणसी में एमएलसी चुनाव में हार से हताश भाजपा की हालत खराब है। लखनऊ वाले दिल्ली वालों का फोन नहीं उठा रहे हैं। सच तो ये है कि भाजपा यूपी एमएलसी चुनाव में आल आउट हो गई है।’ वहीं उन्होंने आकाश अग्रवाल के अपमान का मुद्दा उठा पीडीए में ए मतलब ‘अग्रवाल-अग्रवंशी’ बताकर, वैश्य समाज को भी जोड़ने की कोशिश की।

सपा प्रमुख ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में केशव प्रसाद मौर्य के सीटों का आंकड़ा बराबर होने के बयान पर तंज करते हुए लिखा कि दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर खुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है।

अगर षडयंत्रकारी भाजपाइयों ने गोरखपुर में घोड़े की ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारस वाला हाल होता। गोरखपुर भी भाजपा नैतिक रूप से तो हार ही गई है। वाराणसी स्नातक सीट को लेकर कहा कि वोटिंग रोकने व धीमे कर देने के पीछे का षड्यंत्र सब समझ रहे हैं, लेकिन भाजपाई इसमें कामयाब नहीं होंगे।

वहीं बयान जारी कर कहा कि भाजपाई और उनके षड्यंत्रकारी संगी-साथी व संलिप्त अधिकारी एमएलसी चुनाव जीतने के लिए जिस हद तक गिर सकते थे, गिर गए हैं। गोरखपुर में डा. संजयन त्रिपाठी और आगरा में डा. आकाश अग्रवाल के आंसू उनका समाज और कोई शिक्षक नहीं भूलेगा और विधान सभा चुनावों में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेगा।

सपा डा. संजयन के समाज के साथ हो रहे हर अन्याय के विरुद्ध खड़ी है। वहीं आकाश अग्रवाल के साथ भाजपाइयों ने जिस प्रकार दुर्व्यवहार किया है, उससे समस्त अग्रहरि समाज आहत है। जब अग्रवाल समाज साथ आ गया है तो लड़ाई सच में पांच प्रतिशत भाजपाई बनाम 95 प्रतिशत पीडीए की हो गई है।

यह भी पढ़ें- BJP कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करेंगे अमित शाह, यूपी के 2850 भाजपाइयों के साथ चुनावी रणनीति पर करेंगे मंथन

उन्होंने पार्टी नेताओं से संयम की अपील भी की। कहा कि जीत पर कोई जुलूस नहीं निकालना है, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएं। भाजपा साजिश करके कभी भी हमारी छवि बिगाड़ सकती है। हम सभी लोगों का अभिनंदन स्वयं करेंगे।