विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, राम मंदिर चढ़ावे और संविधान पर साधा निशाना; सपा का एप लांच

Published: Wed, 01 Jul 2026 10:41 PM (IST)

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर श्रीराम मंदिर चढ़ावे और संविधान दोनों से दगा करने का आरोप लगाया। साथ ही पार्टी का डिजिटल ऐप भी लॉन्च किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. भाजपा ने श्रीराम और संविधान दोनों से दगा किया।

  2. राम मंदिर चढ़ावा चोरी का आरोप, सांसदों को खरीदने की बात।

  3. सपा ने डिजिटल ऐप लॉन्च किया, सदस्यता अभियान चलेगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने श्रीराम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भाजपा पर प्रहार किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि देश में मर्यादा के मर्यादा का एक नाम भगवान श्रीराम का है और दूसरा नाम बाबा साहब का संविधान है। भाजपा ने दोनों को दगा दिया है।

भाजपा ने रामधन चोरी किया है। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को संविधान बदलने से रोका था, अब वो सांसदों को खरीदकर संविधान बदलना चाहती है। सपा प्रमुख ने कार्यक्रम में 'समाजवादी पार्टी' नाम से एक डिजिटल एप भी लांच किया।

बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर अपने जन्मदिन कार्यक्रम में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। चढ़ावा चोरी में दूध का दूध और पानी का पानी भले न हो, लेकिन राम मंदिर में चढ़ाया गया सोने का सोना, चांदी का चांदी आदि वापस हो जाए।

राम मंदिर जाने की बात भी दोहराई

चढ़ावा चोरी की जानकारी के प्रश्न पर कहा कि प्रभु श्रीराम ने रास्ता दिखाया, सोचिए अगर हम गलत होते तो भाजपा हमारे खिलाफ कितना कुछ प्रचार करती। उन्होंने केदारेश्वर मंदिर बनने के बाद राम मंदिर में दर्शन को जाने की बात भी दोहराई।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बंगाल की तरह यदि वर्ष 2027 का चुनाव कराया गया तो उसके बाद चुनाव नहीं होगा। नवंबर में चुनाव के प्रश्न पर कहा कि सरकार के बाद डीएपी और यूरिया नहीं है। सरकार सर्वे करा रही है कि वह कितनी सीटें जीत सकती है, इसलिए यह बात कही जा रही है।

राजभर की बारगेनिंग पावर जीरो

जन्मदिन की बधाई के बहाने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की नसीहत के प्रश्न पर कहा कि भाजपा ने उनकी बारगेनिंग पावर जीरो कर दी है, उनको 30 सीटों का गिफ्ट दिया जा रहा है। भाजपा जानती है किससे, क्या बुलवाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोपहर 12 बजे सोकर उठने वाले बयान पर भी पलटवार किया।

इससे पहले पार्टी का एप लांच कर कहा कि इससे पीडीए प्रहरी सदस्यता अभियान चलाएंगे। सदस्यता शुल्क 20 रुपये है। पार्टी लोगों से चंदा भी एकत्र करेगी। उन्होंने पहली सदस्यता लखनऊ की अंजलि को दिलाई।

अंजलि ने सपा प्रमुख को प्रसाद खिलाया था और आरोप है कि उसके बाद उनके पिता को सुपरवाइजर से सफाईकर्मी बना दिया गया था। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर उन्हें सम्मान दिया जाएगा।