विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बात सीट की नहीं जीत की है', सपा-कांग्रेस में सीटों पर छिड़ी रार के बीच बोले अखिलेश यादव 

Published: Sun, 04 Oct 2026 11:49 PM (IST)

अखिलेश यादव ने सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर कहा कि बात सीट की नहीं, बल्कि जीत की है, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. अखिलेश यादव ने कहा, सीटों से ज्यादा गठबंधन की जीत जरूरी है।

  2. उनका बयान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी की प्रतिक्रिया के बाद आया।

  3. गठबंधन का लक्ष्य सांप्रदायिकता के खिलाफ मिलकर लड़ना है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि बात सीट की नहीं, बल्कि जीत की है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है। यह बात बड़ी नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है, यह बात बड़ी है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। यह जीत गठबंधन के दलों से बढ़कर हम सबकी कोशिशों की जीत होगी, क्योंकि हमारी लड़ाई सांप्रदायिकता के खिलाफ है।

दरअसल, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सपा के सांसद एसपी सिंह पटेल के बयान को लेकर रविवार को सपा पर पलटवार किया था। अखिलेश ने उसके जवाब में यह बात कही। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने एक्स पर सपा सांसद के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस 50 सीटों से ज्यादा की उम्मीद न करे। इसके जवाब में गौतम ने कहा कि अगर सपा को 50 सीटें ही देनी हैं तो स्पष्ट कर दें कि उन्हें गठबंधन नहीं करना है, लेकिन हल्की बातें न करें।

उन्होंने यह भी कहा कि जब गठबंधन होगा तो दोनों पार्टियां जीतकर आएंगी और सरकार बनाएंगी। चुनाव में कोई एक व्यक्ति नहीं बल्कि पार्टियां जीतती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने कभी भी 150 सीटों की बात नहीं की है। कांग्रेस ने हमेशा बराबरी, सम्मान और 200 सीटों की बात की है।

हिस्सेदारी व सम्मान बराबर होना चाहिए, लेकिन हम लचीला रुख अपनाने को तैयार हैं। गठबंधन को लेकर अगर थोड़ा झुकना पड़ा तो हम झुकेंगे। दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व बैठक कर सीटों की संख्या तय कर लेगा। दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने अखिलेश के बयान को लेकर कहा है कि सुनने में तो बात अच्छी है, लेकिन जब सीट ही नहीं होगी जीत कहां से होगी।

यह भी पढ़ें- सपा के स्थापना दिवस पर पंकज चौधरी ने हथौड़े से फोड़ा 'पाप का घड़ा', गिनाए 34 कांड और कारनामे