विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'एकरंगी क्या जानें PDA का बहुरंग', सीएम योगी के 'पी से पाकिस्तान' वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार

Updated: Sat, 22 Aug 2026 02:00 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'पी से पाकिस्तान' वाले बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए 'एकरंगी क्या जानें, पीडीए का बहुरंग' कहा।

सीएम योगी के पी से पाकिस्तान वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार।

सीएम योगी के पी से पाकिस्तान वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार।

HighLights

  1. अखिलेश ने सीएम योगी के 'पी से पाकिस्तान' बयान पर पलटवार किया।

  2. राजस्थान में 'स्कूल ठीक करो' अभियान पर हुए हमले की निंदा की।

  3. मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी की पिटाई पर भाजपा को घेरा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीडीए के पी को पंडित वाले बयान पर किए गए पी से पाकिस्तान वाले तंज पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। सपा प्रमुख ने एक्स पर बिना मुख्यमंत्री का नाम लिए लिखा,‘एकरंगी क्या जानें, पीडीए का बहुरंग’। वहीं राजस्थान में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नेताओं पर हमले को लेकर भी सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधा है।

उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि स्कूलों की बदहाली दिखाने पहुंचे युवा आंदोलनकारियों पर भाजपा समर्थकों ने हमला किया। अखिलेश ने एक्स पर लिखा, ‘छात्र कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।’

सीजेपी नेता आशुतोष रांका अपने साथियों के साथ शुक्रवार को राजस्थान के जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां ग्रामीणों ने उनका विरोध किया और उन्हें गांव से बाहर जाने को कहा। काफिले पर पथराव किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि स्कूलों की बदहाली दिखाने की कोशिश करने वाले ‘जंतर-मंतर के युवा आंदोलनकारियों’ पर राजस्थान में भाजपाइयों ने जानलेवा हमला किया और गाड़ियों के शीशे तोड़े।

उन्होंने कहा कि हिंसा हताशा का उग्र रूप है। अखिलेश ने भाजपा पर शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा उसके लिए व्यापार है, मानव संसाधन विकास का मुद्दा नहीं।

सपा प्रमुख ने ‘पाठशाला पुकारे’ शीर्षक से एक पोस्टर भी साझा किया। इसमें लिखा है, ‘बंद स्कूल खुलेगा तो पीडीए पढ़ेगा।’ सपा शिक्षक दिवस पर स्कूल विलय के मुद्दे पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है। पोस्टर को इसी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस बीच शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे जापान के राजदूत ओनो केइची ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव से मुलाकात की। अखिलेश ने मुलाकात की तस्वीर एक्स पर साझा की।

वहीं मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी की कथित पिटाई को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा का चरित्र किसान विरोधी है और हार के डर से पार्टी बौखलाई हुई है।

यह भी पढ़ें- 'दुनिया की हर डाइनिंग टेबल पर हो यूपी का उत्पाद', जापानी निवेशकों के मंच से डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा बयान