लखनऊ से एटा रवाना हुए अलंकार अग्निहोत्री, बुधवार देर रात ससुराल लेकर आई थी बरेली पुलिस
बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया था, बुधवार रात पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ स्थित अपने ससुराल पहुंचे। उन्होंने हल्का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता लखनऊ। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे के बाद पुलिस अभिरक्षा में बुधवार रात करीब आठ बजे राजधानी के आलमबाग स्थित वीवीआइपी रोड पर स्नेहनगर मोहल्ले में उनके ससुराल पहुंचे। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
परिजनों के अनुसार अलंकार अग्निहोत्री रात में अपने साले अभिनव मिश्रा और अभिजीत मिश्रा के साथ घर पर रुके। अभिनव मिश्रा ने बताया कि वह बेरोजगार हैं और घर पर ही रहते हैं, जबकि छोटे भाई अभिजीत मिश्रा साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। घर पहुंचने के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने हल्का भोजन किया, जिसमें दाल-चावल शामिल था और कुछ समय आराम किया।
यह भी पढ़ें- UGC बिल ने सवर्णों को क्यों किया नाराज? 6 पॉइंट में समझें विरोध के मेन कारण
गुरुवार सुबह बरेली पुलिस उन्हें एटा लेकर रवाना हो गई। बड़े साले अभिनव मिश्रा ने बताया कि अलंकार अग्निहोत्री पढ़ाई-लिखाई में हमेशा अव्वल रहे हैं और प्रशासनिक सेवा में उनकी रैंक 50वीं थी। उन्होंने कहा कि अलंकार जुझारू और शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं और जो संकल्प लेते हैं, उसे पूरा करते हैं।
नहीं हो पाई ज्यादा बातचीत
अभिनव मिश्रा के मुताबिक पुलिस की मौजूदगी के कारण उनसे ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी कहा कि अलंकार ने जो निर्णय लिया है, वह सोच-समझकर लिया गया होगा साथ ही उन्होंने एटा में किसी रिश्तेदार के होने से इनकार किया।
बताया गया कि अलंकार अग्निहोत्री की पत्नी का नाम आस्था अग्निहोत्री है। आस्था के पिता अशोक कुमार मिश्रा रेलवे में वरिष्ठ पद पर कार्यरत थे, जिनका करीब डेढ़ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। आस्था और अलंकार की शादी वर्ष 2014 में हुई थी।