लखनऊ में जमीन का विवाद सुलझाने के नाम पर मांगी एक लाख की घूस, 50 हजार लेते कानूनगो गिरफ्तार
जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर कानूनगो हरेंद्र सिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने ...और पढ़ें
-1794076430240_m.webp)
HighLights
कानूनगो हरेंद्र सिंह रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
जमीन विवाद सुलझाने के लिए मांगी थी घूस।
एंटी करप्शन टीम ने मुंशीगंज में दबोचा।
जागरण टीम, लखनऊ। जमीन का विवाद सुलझाने के नाम पर रिश्वतखोरी का खेल चल रहा था। आरोप है कि पहले 20 हजार रुपये लेने के बाद भी कानूनगो की मांग खत्म नहीं हुई। एक लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। परेशान होकर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत कर दी। शनिवार को टीम ने जाल बिछाकर कानूनगो को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए कानूनगो की पहचान हरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वर्तमान में उनकी तैनाती अमेठी में है। वह चार साल से अधिक समय तक लखनऊ में भी तैनात रहे हैं। पहले आरके के पद पर और इसके बाद निगोहां क्षेत्र में उनकी तैनाती रही थी। उनकी गिरफ्तारी की खबर से राजस्व विभाग में खलबली मच गई। घुसकर मजरा हुसैनपुर निवासी ललित यादव के मुताबिक, उनकी मां प्रेमलता के नाम गांव में जमीन है।
क्या है आरोप?
आरोप है कि कानूनगो हरेंद्र सिंह ने कुछ प्रापर्टी डीलरों से मिलकर जमीन को विवादित करा दिया। इसके बाद विवाद सुलझाने के नाम पर रुपये मांगने लगे। पीड़ित का आरोप है कि कानूनगो पहले ही 20 हजार रुपये ले चुके थे और एक लाख रुपये और मांग रहे थे। लगातार रुपये की मांग से परेशान होकर ललित ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद टीम ने कानूनगो को पकड़ने की योजना बनाई।
शनिवार को तहसील दिवस के कारण कानूनगो दोपहर करीब दो बजे तक तहसील में मौजूद थे। इसके बाद उन्हें अमेठी के मुंशीगंज स्थित खाद की दुकान पर बुलाया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही ललित ने कानूनगो को 50 हजार रुपये दिए, आसपास सादे कपड़ों में मौजूद एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने उन्हें दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर कानूनगो को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लखनऊ में पहले भी पकड़े जा चुके हैं राजस्वकर्मी
- 22 फरवरी 2021: मोहनलालगंज में जमीन की पैमाइश के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में राजस्व निरीक्षक जयप्रकाश श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया था।
- 16 नवंबर 2022: माल में एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल अशोक कुमार वर्मा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
- 15 दिसंबर 2023: मोहनलालगंज में किसान से मेढ़बंदी के बदले दस हजार रुपये की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) शशिकांत उपाध्याय को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गिरफ्तार किया था।
- 13 दिसंबर 2024: विभूतिखंड में नगर निगम जोन चार के लेखपाल राजू सोनी को जमीन की पैमाइश के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।