विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए चौड़ा होगा पंचकोसी परिक्रमा मार्ग, स्थानीय लोगों को भी मिलेगी राहत

Updated: Sat, 22 Aug 2026 11:14 PM (GMT+05:30)

अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए ₹466.45 करोड़ की संशोधित लागत को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को मिली स्वीकृति।

  2. परियोजना की लागत ₹466.45 करोड़ रुपये निर्धारित।

  3. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पंचकोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 466.45 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित लागत की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

इस मार्ग के चौड़ा हो जाने पर श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय नागरिकों का इस मार्ग पर आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा। मार्ग को 9.025 किमी लंबाई में चार लेन बनाया जाएगा।

शनिवार को कैबिनेट बाई सर्कुलेशन इससे संबंधित प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चैनेज संख्या 0.00 से 10.775 के मध्य मार्ग के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण कार्य होना है। वर्तमान में परिक्रमा मार्ग के कैरिजवे की अधिकतम चौड़ाई लगभग सात मीटर है, जो बढ़ते यातायात तथा श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से पर्याप्त नहीं है।

इस परियोजना के पूरा होने पर परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा होने के साथ ही भीड़-भाड़ के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। परियोजना अयोध्या धाम के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अयोध्या में प्रति वर्ष कार्तिक मास में विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन होता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रीराम मंदिर का निर्माण हो जाने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने परिक्रमा में भाग लिया।

उदय प्रताप सिंह के अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन

लखनऊ: शनिवार को सपा मुख्यालय पर कवि, साहित्यकार एवं हिन्दी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन किया गया। ‘डा. उदय प्रताप सिंह गुरूजी अभिनंदन ग्रंथ‘ शीर्षक से यह ग्रंथ मां संतोषी फाउंडेशन मिश्राना मैनपुरी की ओर से तैयार किया गया है। सपा प्रमुख ने कहा कि पहले की तरह सपा सरकार में यश भारती सम्मान देने के साथ ही सम्मान राशि दोगुणा करके सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम में उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुझे सूरीनाम में आचार्य की डिग्री सहित यश भारती और अन्य कई सम्मान मिल चुके हैं, परंतु मेरे गृह जनपद मैनपुरी से मिला यह सम्मान विशेष है। उन्होंने अपनी आज लिखी एक ताजा गजल भी पढ़ी। इस दौरान मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, सूर्य कुमार पांडेय, दीन मोहम्मद दीन, बदन सिंह मस्ताना, सर्वेश अस्थाना, पूर्व आईएएस डीएन लाल, बलराम श्रीवास्तव, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी, अंबिका चौधरी, अरविंद सिंह गोप, आदि उपस्थित रहे।