Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश में 2027 की जीत 2029 में आसान करेगी एनडीए की राह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को भरोसा

    By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
    Updated: Sun, 05 Jul 2026 06:12 PM (IST)

    नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं यहां चारों तरफ जो जोश और उत्साह देख रहा हूं, ये इस बात का परिचायक है कि 2027 में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता यहां कमल खिलाने ...और पढ़ें

    HighLights

    1. भाजपा अध्यक्ष नवीन बोले-कबाड़ में जाने वाली है सपा की साइकिल

    2. भाजपा के अध्यक्ष ने की योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था की प्रशंसा

    3. राहुल गांधी के साथ अखिलेश यादव और केजरीवाल को भाजपा अध्यक्ष ने दी चुनौती

    डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने लखनऊ के दो दिन के प्रवास पर रविवार को अंतिम कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर अवध के शक्ति केंद्रों से संवाद किया। अवध क्षेत्र में शक्ति केंद्र प्रमुखों की संख्या साढ़े छह हजार है।

    नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भूमि ऋषि-मुनियों और संतों की भूमि है। इस भूमि ने ऐसे-ऐसे महापुरुषों को जन्म दिया, जिसने देश ही नहीं, दुनिया को संदेश देने का काम किया है। मैं इस पवित्र भूमि को, यहां की मिट्टी को नमन करता हूं, जिसने भारत की आत्मा और संस्कृति को नई धार दी है।

    यूपी के चुनाव की तैयारी और शंखनाद

    भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं यूपी के चुनाव की तैयारी और शंखनाद के लिए आया था। उन्होंने कहा कि हमें अपने शक्ति केंद्रों पर भरोसा है और मैं तो इन्हीं के दम पर कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश में 2027 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही हैट ट्रिक नहीं बनाएगी, बल्कि 2029 के लिए केंद्र सरकार का रास्ता साफ होगा और एनडीए की सरकार बनेगी। नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं यहां चारों तरफ जो जोश और उत्साह देख रहा हूं, ये इस बात का परिचायक है कि 2027 में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता यहां कमल खिलाने को तैयार बैठा है। शक्ति केंद्रों के हमारे संयोजकों की ताकत ये साफ-साफ बता रही है। जब हमारे कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा सामने आ जाती है, तो विपक्ष चाहे कितनी भी ताकत लगा ले, उसे धूल चटाने का काम भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे।

    यूपी की कानून-व्यवस्था को भी काफी सराहा

    उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था को भी काफी सराहा। उन्होंने कहा कि पहले तो उत्तर प्रदेश के हर जिले का अपना अलग दादा, अलग गुंडा और अलग माफिया होता था, लेकिन अब सब गायब हो गये हैं। भाजपा सरकार ने माफिया और गुंडाराज को हर जिले ही नहीं हर गांव से समाप्त कर दिया है। आज मैं 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की चर्चा भी जरूर करना चाहूंगा। जिस उत्तर प्रदेश ने केवल भ्रष्टाचार देखा हो, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति देखी हो, आज भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने उस भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और माफियाराज को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। आज यहां की विकास की नई तस्वीर को पूरी दुनिया देख रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाने का काम किया है। आज यहां की महिलाएं निडर होकर कभी भी घर से निकल सकती हैं।

    खबरें और भी

    पीएम मोदी व सीएम योगी गरीबों को लेकर गंभीर

    भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो गरीबों के लिए काम करते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज का भारत देश के हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है, विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। हमारा निर्णायक नेतृत्व है, नीतियां स्पष्ट हैं, नीयत साफ है, जो समय पर निर्णय लेने की क्षमता रखता है। यूपी को उस बदहाली से उस तुष्टिकरण से उस अराजकता से निकलने का काम यूपी सरकार ने किया है। पहले यूपी और बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था। पहले लोग कहते थे यूपी और बिहार का कुछ नहीं हो सकता। अब यूपी और बिहार और विकास के पैमाने स्थापित कर रहे हैं। पहले इन राज्यों में अपराधियों का राज होता था, जंगल राज होता था। हमारी सरकार ने अपराधियों का राज खत्म करने का काम किया है। पहले महिला घर से निकलने में डरती थी, अपने परिवार को लेकर संशय में रहती थी। आज महिलाएं कहती हैं हम योगी आदित्यनाथ के राज्य में रहते हैं पीएम मोदी के राज में रहते हैं।

    Nitin Naveen Dainik Jagran

    रामसेवकों पर गोलियां चलवाने वाले कम बोलें

    उन्होंने कहा कि आज आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी आस्था की बात कर ही नहीं सकते। भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वानाथ मंदिर तक विरासत की नई तस्वीर बनी है। राम मंदिर पर वो लोग क्या बात करेंगे, जिन्होंने रामसेवकों पर गोलियां चलवाने का काम किया। ऐसे लोग कभी आस्था की बात करने लायक नहीं हैं। इस बार साइकिल कबाड़ में जाने वाली है। इस बार साइकिल की मरम्मत भी नहीं हो पाएगी, क्योंकि इसकी व्यवस्था हमारे शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता करने को तैयार हैं।

    विकास और विरासत को लेकर काम

    भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज के दिन मैं श्रद्धेय अटल विहारी वाजपेयी जी को भी याद करना चाहता हूं, क्योंकि उनकी इस कर्म भूमि ने हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं प्रेरणा लेकर देश को नेतृत्व देने का काम किया है। मैंने यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी दौरा किया। जिस प्रकार से यहां श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की, श्रद्धेय दीनदयाल उपाध्याय जी की और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, ये आने वाले कई वर्षों तक न केवल भाजपा को, बल्कि आने वाली युवा पीढ़ी को भी ये प्रेरणा देंगी कि भाजपा का नेतृत्व किस प्रकार से विकास और विरासत को लेकर काम करता है। इससे हम सभी को नई ऊर्जा मिलेगी।

    हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा

    नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे। आपके भड़काने में नहीं आएंगे। हमसे हमारी आस्था का सवाल आप उठाओगे हमने कितनी कुर्बानी दी है। नवीन ने कहा कि तुम्हारा खानदान भी उतनी शहादत और कुर्बानी नहीं समझ सकता। आपने खून की नदियां बहाई है और आपकी विरासत ने हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ किया है। हमारी विरासत हिंदुओं की आस्था के लिए कुर्बान होने की रही है। हमने विरासत को संजोया है, संभालेंगे भी और हर हिंदू को प्रेरित भी करेंगे।

    राम के मंदिर की आस्था से कोई खेल नहीं सकता

    उन्होंने कहा कि जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तो आप लोग मौन रहते हैं। सनातन का अपमान यूपी और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह हिंदू विरोधी ताकते जिन्होंने हिंदू देवी देवताओं का अपमान किया और हमारी आस्था से खेला, आज यह राजनीतिक रोटी सेकना चाहते हैं। हमने विरासत को संजोया है, इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं। हमने 500 वर्ष का संघर्ष किया है। हमारा खून भी बह जाएगा, लेकिन प्रभु श्री राम के मंदिर की आस्था से कोई खेल नहीं सकता है। राम मंदिर को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि हम कार्रवाई भी करेंगे और सुधार भी करेंगे। बिहार में जब रामचरितमानस का अपमान हुआ तो कांग्रेस के लोग मौन बैठे थे। मेरे पिता भी कार सेवक के रूप में पटना से आए थे। मेरे पिता को दो महीने जेल में रहना पड़ा।

    यह भी पढ़ें- 'योगी ने बनाया सुशासन का राष्ट्रीय मॉडल', BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसद-विधायकों की बैठक में की योगी सरकार की तारीफ

    यह भी पढ़ें- 'दिल्ली की परिक्रमा छोड़ क्षेत्र में उतरें पदाधिकारी', भाजपा अध्यक्ष बोले- हर माह की रिपोर्ट जांचेगा संगठन