बसपा मुखिया मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी अंटू मिश्रा को किया पार्टी से बाहर, अनुशासनहीनता का आरोप
Mayawati: अंटू पिछले चुनाव में लखनऊ में भाजपा में शामिल होने पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया ...और पढ़ें

बसपा मुखिया मायावती अनंत कुमार मिश्रा ‘अंटू’
HighLights
मायावती की सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री थे अनंत कुमार मिश्रा ‘अंटू’
पिछले विधानसभा चुनाव में किया था भाजपा में शामिल होने का प्रयास
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी में जरा सा भी अनुशासनहीनता न बर्दाश्त करने वाली मुखिया मायावती ने गुरुवार को बड़ा फैसला किया। मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा के बेहद करीबी माने जाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री अनंत कुमार मिश्रा ‘अंटू’ को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत कुमार मिश्रा ‘अंटू’ का निष्कासन किया है।
बसपा मुखिया मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर इस फैसले की जानकारी को पोस्ट भी किया है। मायावती ने गुरुवार को बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अंटू पिछले चुनाव में लखनऊ में भाजपा में शामिल होने पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया था। वह कानपुर के महाराजपुर विधानसभा से 2027 के चुनाव की तैयारी भी कर रहे हैं।
सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी अंटू मिश्रा बसपा से निकाला
बसपा प्रमुख मायावती यूपी के चुनावी तपिश बढ़ने के साथ ही सख्त एक्शन में नजर आ रही हैं। बसपा सरकार में मंत्री रहे अंटू मिश्रा को मायावती ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाकर सख्त संदेश दिया है। अंटू मिश्रा बसपा के कद्दावर नेता सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी रिश्तेदार हैं। बसपा से निष्कासन के बाद अंटू मिश्रा ने कहा कि अभी कुछ नहीं कहना चाहता हूं। एक-दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से अपनी बात सबके सामने रखूंगा।
फर्रुखाबाद सदर से 2007 में विधायक थे ‘अंटू’
अनंत कुमार मिश्रा ‘अंटू’ को बसपा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने शामिल कराया था। अंटू को पार्टी ने फर्रुखाबाद सदर से 2007 में विधानसभा का चुनाव लड़वाया और जीतने पर कैबिनेट मंत्री भी बनाया गया था। अंटू मिश्रा के साथ ही नकुल दुबे भी सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी थे और लखनऊ के बक्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र से विधायक होने के बाद कैबिनेट मंत्री बने। अब नकुल दुबे कांग्रेस में हैं।
अनंत मिश्रा कुछ समय से बसपा की सक्रिय गतिविधियों से दूरी बनाए थे। उनके दूसरे दलों के नेताओं के संपर्क में होने और भाजपा में जाने की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। मायावती ने निष्कासन की आधिकारिक वजह पार्टी विरोधी गतिविधियां बताई है।
पार्टी विरोधी गतिविधियों से निष्कासित
मायावती ने एक्स पर पोस्ट किया, उत्तर प्रदेश में बीएसपी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। वैसे भी अब जबकि खासकर उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल काफी गरमाया हुआ है, पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के सभी प्रकार के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकंडों से सावधान रहते हुये अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ बीएसपी के अम्बेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आमचुनाव में सफल बनाने में पूरे जी-जान से लगे रहना है, यही संदेश व अपील भी है।
