यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा इलेक्शन कमीशन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त युवाओं और BLO से करेंगे संवाद
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। वे युवाओं, भावी मतदाताओं और बूथ लेवल अधिकारियों से संवाद कर चुनावी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा इलेक्शन कमीशन।
HighLights
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यूपी में दो दिवसीय दौरा।
युवाओं, भावी मतदाताओं से संवाद पर विशेष जोर।
बूथ लेवल अधिकारियों के साथ भी करेंगे बैठक।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को गति देने में जुट गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर आ रहा है।
आयोग का यह दौरा खास तौर पर युवाओं, भावी मतदाताओं और बूथ स्तर की चुनावी मशीनरी से सीधे संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त सोमवार को अपने पुराने शिक्षण संस्थान काल्विन तालुकदार कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब 2.0 (ईएलसी 2.0) और आयोग के एकीकृत डिजिटल प्लेटफार्म ईसीआइएनईटी पर क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में 20 जिलों के 120 विधानसभा क्षेत्रों से करीब 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख हिस्सा लेंगे।
आयोग की ओर से ईएलसी और ईसीआइएनईटी पर तीन चरणों लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं। पहले चरण में लखनऊ के क्षेत्रीय सम्मेलन में शाहजहांपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर व उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
इन जिलों के 120 विधान सभा क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य और संस्थान प्रमुख कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यवासायिक एवं कौशल विकास विभाग, प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
आयोग द्वारा सूचना एवं संचार के बदलते परिवेश और युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए अब ईएलसी को ईएलसी 2.0 के रूप में पुर्नपरिभाषित किया जा रहा है। इसके जरिए शिक्षण संस्थानों में ईएलसी को वर्षभर सक्रिय और डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करने की कोशिश है।
सम्मेलन में तीन स्टाल लगाकर प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया की जानकारी लाइव डेमो के माध्यम से दी जाएगी। ईसीआइएनईटी के डिजिटल इकोसिस्टम का परिचय और नए ईएलसी पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों काे ईएलसी 2.0 में आनबोर्डिंग की जानकारी दी जाएगी।
आयोग के नवाचारों और उपलब्धियों पर एक प्रदर्शनी भी लगेगी। ईएलसी के माध्यम से ऐसे छात्र-छात्राओं को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो मतदाता के रूप में पंजीकरण की पात्रता प्राप्त कर चुके हैं या भविष्य में पात्र होने वाले हैं। वहीं दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को इंदिर गांधी प्रतिष्ठान में ही लखनऊ तथा आस-पास के जिलों के लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ निर्वाचन आयुक्त सीधा संवाद करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम विद्यार्थियों व भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, वहीं बीएलओ संग सार्थक संवाद का मंच बनेगा।
आयोग के प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना आदि शामिल रहेंगे।
यह भी पढ़ें- यूपी की महिला कर्मचारियों को बड़ी राहत, योगी सरकार ने मातृत्व अवकाश के नियमों में किया बदलाव
