सीएम योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का किया नमन, बोले- उनके सपनों को साकार कर रही है डबल इंजन सरकार
डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनको श्रद्धांजलि दी और कहा कि बंगाल को पाकिस्तान के खूनी पंजे से बचाने में ड ...और पढ़ें
HighLights
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
पश्चिम बंगाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से जुड़े सभी स्थलों का पुनरुद्वार कर रही सरकार
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार छह जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनको नमन किया। लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल अस्पताल) प्रांगण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश के विकास को लेकर जो सपने देखे थे, उनको साकार करने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी से जुड़े सभी स्थलों का पुनरुद्धार करवा रही है।
डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनको श्रद्धांजलि दी और कहा कि बंगाल को पाकिस्तान के खूनी पंजे से बचाने में डॉ. श्यामा प्रसाद की अहम भूमिका थी। आज वही बंगाल डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अपना आदर्श मानने वाली भारतीय जनता पार्टी के शासन का हिस्सा बना हुआ है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्र भारत में देश के खाद्य एवं उद्योग मंत्री के रूप में डॉ. श्यामा प्रसाद ने देश के के अंदर खाद्य नीति व उद्योग नीति को प्रमुखता से लागू करने का काम किया। जब नेहरु सरकार की तुष्टीकरण नीति, देश की अखंडता के सामने चुनौती बनी, तो मुखर्जी ने सत्ता की राजनीति को तिलांजलि देते हुए सरकार से अलग हो गए।
भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने धारा 370 के खिलाफ, नेहरू सरकार की तुष्टीकरण नीति के खिलाफ जो शंखनाद किया था, उस सपने को साकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया।
उन्होंने कहा कि 'एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे' का उद्घोष देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्तिमंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक डा. नीरज बोरा, एमएलएसी मुकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मौजूद रहे।