यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lucknow Viral Video: लखनऊ को शर्मसार करने वालों पर सीएम योगी सख्त, हटाए गए DCP, ADCP और ACP, अब तक 16 गिरफ्तार
लखनऊ के होटल ताज के निकट शोहदों के हुड़दंग और राहगीरों से उनकी अभद्रता को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर 16 हुड़दंग ...और पढ़ें

HighLights
- मुख्यमंत्री के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई, 16 गिरफ्तार
- घटना में लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर भी निलंबित
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बरसते पानी में बुधवार को होटल ताज के निकट शोहदों के हुड़दंग और राहगीरों से उनकी अभद्रता को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर 16 हुड़दंगी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी को हटा दिया गया है।
इसके साथ ही इंस्पेक्टर गोमतीनगर, अंबेडकर पार्क चौकी इंचार्ज समेत सभी पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को इस मुद्दे को विधानमंडल के मानसून सत्र में भी उठाया और विपक्ष को घेरते हुए हुड़दंगियों के नाम भी गिनाए।
लखनऊ में अभद्रता का मामला क्या है?
बुधवार को बारिश के दौरान गोमतीनगर में ताज होटल अंडरपास के पास शोहदों ने राहगीरों से अभद्रता की तथा महिलाओं को पानी में गिरा दिया। लोगों पर पानी और कीचड़ फेंकने के साथ ही गाड़ियों के वाइपर भी तोड़ दिए।
वहां खड़े लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और करीब एक घंटे बाद वहां पहुंचकर हुड़दंगियों को भगाया। वीडियो फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने बुधवार को दो हुड़दंगियों पवन यादव व सुनील बारी को गिरफ्तार कर लिया था।
खबरें और भी
.jpg)
गुरुवार को मो. अरबाज और विराज सहित 14 और हुड़दंगी गिरफ्तार किए गए। इनमें एक बाराबंकी, एक उन्नाव तथा शेष लखनऊ के निवासी हैं। विराज सब्जी और अरबाज अंडा रोल की दुकान लगाता है।
सेफ सिटी कैमरों में फीड किए गए फोटो
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे अन्य हुड़दंगियों के फोटो सेफ सिटी कैमरों में फीड कर दिए गए हैं। ये कहीं कैमरे की नजर में आएंगे तो कंट्रोल रूम में अलार्म बजने के साथ संबंधित थाने को अलर्ट जाएगा।
पुलिस पर भी हुआ एक्शन
इसके साथ ही गुरुवार को शासन ने सख्त कदम उठाया और डीसीपी पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह, एडीसीपी पूर्वी अमित कुमावत, एसीपी गोमतीनगर अंशू जैन को उनके पद से हटा दिया।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर दीपक कुमार पांडेय, अंबेडकर पार्क चौकी इंचार्ज ऋषि विवेक, दारोगा कपिल कुमार, सिपाही धर्मवीर सिंह और वीरेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया।
एसीपी विभूतिखंड को सौंपी गई जांच
शशांक सिंह पूर्वी जोन के नए डीसीपी बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर गोमतीनगर दीपक कुमार के लापरवाही बरतने की जांच एसीपी विभूतिखंड को सौंपी गई है।
अब तक की जांच में सामने आया है कि हुड़दंग करने वाले सभी गुट में अलग-अलग स्थान से घूमने निकले थे। घटना स्थल पर पानी भरा देखकर सब वहीं रुक गए और राहगीरों और वाहन चालकों से अभद्रता करने लगे।