विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इन्वेस्ट यूपी में अलग से बनाई जाएगी यामानाशी जापान डेस्क, निवेश और पर्यटन को लेकर सीएम योगी ने की बैठक

Updated: Tue, 25 Aug 2026 07:02 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बैठक की, जिसमें इन्वेस्ट यूपी में यामानाशी जापान डेस्क बनाने की बात कही।

सरकारी आवास पर इन्वेस्ट यूपी व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम योगी।

सरकारी आवास पर इन्वेस्ट यूपी व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते सीएम योगी।

HighLights

  1. इन्वेस्ट यूपी में यामानाशी जापान डेस्क स्थापित करने का निर्णय।

  2. जापान से निवेश, पर्यटन और कौशल विकास पर विशेष ध्यान।

  3. बौद्ध स्थलों पर जापानी पर्यटकों को आकर्षित करने की पहल।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को इन्वेस्ट यूपी व अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि 240 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश में पहुंचने से जापान और यूपी के बीच सकारात्मक माहौल बना।

दौरे का मुख्य फोकस निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, तकनीक, कौशल विकास, शिक्षा और पर्यटन में सहयोग बढ़ाने पर रहा। सीएम ने इन्वेस्ट यूपी में अलग से यामानाशी जापान डेस्क बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने यीडा के अंतर्गत जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 500 में से 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है।

योगी ने कहा कि जापान में सितंबर, अक्टूबर व दिसंबर में होने वाले विभिन्न वैश्विक आयोजन में उत्तर प्रदेश की टीम में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उद्योगपतियों एवं विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा।

योगी ने जापानी भाषा के प्रशिक्षण तथा स्किल डेवलपमेंट को बढ़ाते हुए यामानाशी प्रांत सहित जापान के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार सुदृढ़ करने के लिए कहा। जापानी पर्यटकों को सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु समेत अधिक से अधिक बौद्ध स्थलों तक पहुंचाने का प्रबंध किया जाएगा।

उधर, यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित बहुभाषी प्लेटफॉर्म ‘भाषिणी’ ने भारत और जापान के निवेशकों एवं हितधारकों के बीच भाषा की बाधा को दूर कर संवाद को सहज बनाया।

सम्मेलन में इसका प्रयोग हुआ, जहां हिंदी, अंग्रेजी और जापानी भाषाओं के बीच रियल-टाइम स्पीच-टू-टेक्स्ट और अनुवाद की सुविधा दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अंग्रेजी संबोधन का भी जापानी भाषा में त्वरित अनुवाद किया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार का फोकस राज्य को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन बनाने पर है।

जापान के साथ निवेश और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए आयोजित सम्मेलन में विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, नवाचार, कौशल विकास और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संभावनाओं पर चर्चा हुई। भाषिणी प्लेटफार्म वर्तमान में 800 से अधिक सरकारी वेबसाइटों को बहुभाषी सुविधा प्रदान कर रहा है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में स्कूली बच्चियों ने CM योगी को बांधी राखी, मुख्यमंत्री ने उज्जवल भविष्य का दिया आशीर्वाद