कांग्रेस ने शुरू की विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी, प्रत्याशियों से पहले नियुक्त करेगी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी
UP Vidhansabha Election 2027: पार्टी राज्य में उन विधानसभा क्षेत्रों में नए चेहरों को भी आगे ला सकती है, जहां पर संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। ...और पढ़ें

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय
HighLights
अगले महीने से शुरू होगा प्रभारियों की नियुक्ति का अभियान
सभी विधानसा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से नियुक्त किए जाएंगे प्रभारी
मनोज त्रिपाठी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीट पर अकेले चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 2027 की तैयारी प्रारंभ कर दी है। कांग्रेस प्रदेश में पहली बार प्रत्याशियों से पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति करेगी।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की कोशिश है कि अप्रैल से चरणबद्ध तरीके से सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की नियुक्ति की जाए। पिछले विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को केवल दो सीटों से संतोष करना पड़ा था। प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से आराधना मिश्रा मोना व महाराजगंज की फरेन्दा सीट से वीरेंद्र चौधरी ही पिछला चुनाव जीत सके थे।
बसपा की तर्ज पर इस बार कांग्रेस चुनाव से करीब एक वर्ष पहले ही प्रभारियों की नियुक्ति कर चुनावी माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय का कहना है कि पार्टी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में नए सिरे से संगठन तैयार किया है। प्रभारियों की नियुक्ति के बाद उन्हें लक्ष्य देकर काम कराया जाएगा। जो प्रभारी पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे उन्हें विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी बनाया जा सकता है।
प्रभारियों के पास विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की नीतियों का प्रचार करने, अपने क्षेत्र के वोटरों को समझने, पोलिंग बूथ स्तर तक मतदाताओं से संपर्क करने का काफी समय रहेगा। इस फार्मूले के तहत पार्टी राज्य में उन विधानसभा क्षेत्रों में नए चेहरों को भी आगे ला सकती है, जहां पर संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है।
खबरें और भी
प्रत्याशियों के चयन में प्रभारियों का अपर हैंड
संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस सभी जिलों में जिला शहरी स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत कर रही है। लोकसभा चुनाव के बाद शुरू किया गए संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी ने करीब एक लाख से अधिक नए चेहरों को जोड़ा है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के पास संभावित प्रत्याशियों की कमी है उन क्षेत्रों में पार्टी प्रभारियों की मदद से प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।
प्रभारियों को सौंपी जाएगी यह जिम्मेदारी
प्रभारियों को विधानसभा और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों में संगठन के प्रचार और विभिन्न मुद्दों को लेकर पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही पार्टी प्रभारियों के माध्यम से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दे और जातीय समीकरण की भी विस्तृत जानकारी लेगी। जिला इकाईयों के साथ समन्वय बनाने पार्टी के प्लेटफार्म के साथ मतदाताओं को जोड़ने को लेकर चलाए जाने वाले अभियान की निगरानी भी जिम्मेदारी इन्हें सौंपी जाएगी।