यूपी विधानसभा चुनाव: कांग्रेस का बड़ा दांव, सपा गठबंधन की 60% सीटों पर पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार उतारने की तैयारी
कांग्रेस विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन से मिली सीटों में से 60% पर पिछड़े वर्ग के प्रत्याशी उतारने की तैयारी ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पिछड़ों पर दांव लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस सिलसिले में सपा के साथ गठबंधन में कांग्रेस को मिलने वाली सीटों में से 60 प्रतिशत सीटों पर पिछड़े वर्ग के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने पर मंथन किया जा रहा है।
कुछ सीटें चिह्नित कर ली गई हैं और शेष सीटों को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है। 15 नवंबर तक पिछड़ा वर्ग विभाग को सीटों को चिह्नित करनेे का लक्ष्य दिया गया है।
राज्य में पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। इसके चलते सभी राजनीतिक दलों ने पिछड़ा वर्ग की राजनीति पर फोकस कर दिया है। भाजपा के बाद सपा ने भी पीडीए के फार्मूले का प्रचार कर पिछड़ा वर्ग को अपने साथ जोड़ने का कार्य कर रही है।
पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशियों को उतारने की कोशिश
अभी तक कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग पर फोकस नहीं किया था। संगठन में बदलाव के बाद कांग्रेस ने भी पीडीए की राह पकड़ कर सत्ता के करीब पहुंचने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। इसे लेकर बुधवार को देर शाम दिल्ली में पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अनिल जयहिंद ने 42 सदस्यों वाली चुनाव संचालन समिति की बैठक में स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सपा से बंटवारे में जितनी भी सीटें मिलेंगी उनमें से 60 प्रतिशत सीटों पर पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशियों को उतारने की कोशिश की जाएगी।
विभाग की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि फिलहाल गाजीपुर की जहूराबाद, लखनऊ की बक्शी का तालाब, सीतापुर की बिसवां व सदर, हरदोई की बिलग्राम-मल्लावां, उन्नाव की पुरवा व कानपुर की गोविंद नगर की सीटों पर पिछड़ा वर्ग विभाग ने दावा कर दिया है।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर यूपी पुलिस का हाई अलर्ट, 6 से 11 नवंबर तक 24 घंटे एक्टिव रहेगा विभाग; सुरक्षा के लिए तैयार प्लान
अभी तक सपा के साथ सीटों के बंटवारा तय नहीं हो सका है इसलिए बाकी की सीटों के लिए विभाग की 80 सदस्यीय सलाहकार समिति बंटवारे का इंतजार कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।