धनतेरस पर रजिस्ट्रियों ने भरा खजाना, एक दिन में 915 संपत्तियों के बैनामे, सरकार को मिला ₹18.79 करोड़ का राजस्व
धनतेरस पर लखनऊ के निबंधन कार्यालयों में संपत्ति की रजिस्ट्री को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। कुल 915 रजिस्ट्रियों से ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
धनतेरस पर लखनऊ में 915 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई।
कुल ₹18.79 करोड़ का राजस्व सरकार को मिला।
सरोजनीनगर द्वितीय कार्यालय राजस्व संग्रह में सबसे आगे रहा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। धनतेरस पर निबंधन कार्यालयों में संपत्तियों की रजिस्ट्री को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। शुभ मुहूर्त में मकान, प्लाट और अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए लोग सुबह से ही कार्यालय पहुंचने लगे।
दिनभर रजिस्ट्री का सिलसिला चलता रहा और देर शाम तक कार्यालयों में दस्तावेज तैयार किए जाते रहे। निबंधन कार्यालयों में शुक्रवार को कुल 915 रजिस्ट्रियां हुईं। इससे स्टांप शुल्क और निबंधन शुल्क के रूप में कुल 18.79 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।
स्टांप एवं निबंधन विभाग के सहायक महानिरीक्षक रमेश चंद ने बताया कि धनतेरस को लेकर निबंधन कार्यालयों में पूरे दिन रौनक रही। कई लोग पहले से ही रजिस्ट्री के लिए तैयारी करके पहुंचे थे। कुछ खरीदारों ने धनतेरस के दिन ही दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराई।
निबंधन कार्यालयों में कर्मचारियों को देर शाम तक काम करना पड़ा। सरोजनीनगर द्वितीय निबंधन कार्यालय राजस्व संग्रह के मामले में सबसे आगे रहा। यहां 122 रजिस्ट्रियां हुईं और स्टांप व निबंधन शुल्क मिलाकर 4.53 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। सरोजनीनगर प्रथम कार्यालय में 120 रजिस्ट्रियों से 3.40 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।
यह भी पढ़ें- लखनऊ: नाबालिग छात्रा को ब्लैकमेल कर मतांतरण और शादी का दबाव बनाने वाला आरोपित गिरफ्तार
मोहनलालगंज निबंधन कार्यालय में सबसे अधिक 154 रजिस्ट्रियां हुईं। यहां से 1.95 करोड़ रुपये का राजस्व आया। उप-पंजीयक कार्यालय-2 (एसआरओ-2) में 94 रजिस्ट्रियों से 2.34 करोड़ और एसआरओ-1 में 67 रजिस्ट्रियों से 1.58 करोड़ रुपये का राजस्व मिला।
निबंधन कार्यालय रजिस्ट्री कुल राजस्व
| क्षेत्र / कार्यालय | संख्या | राशि (₹) |
|---|---|---|
| मोहनलालगंज | 154 | 1,95,51,650 |
| बीकेटी | 149 | 1,49,00,620 |
| सरोजनीनगर-1 | 120 | 3,40,73,890 |
| सरोजनीनगर-2 | 122 | 4,53,03,790 |
| एसआरओ-1 | 67 | 1,58,95,420 |
| एसआरओ-2 | 94 | 2,34,75,860 |
| एसआरओ-3 | 68 | 87,43,350 |
| एसआरओ-4 | 71 | 1,45,17,880 |
| एसआरओ-5 | 70 | 1,14,56,780 |
| कुल | 915 | 18,79,19,240 |