Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या में जब डंडा चलेगा तो सब पता चल जाएगा’, राम मंदिर से चढ़ावा चोरी मामले पर भड़के विनय कटियार

    By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
    Updated: Sun, 14 Jun 2026 07:08 PM (GMT+05:30)

    Ayodhya Ram Mandir: ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कटियार, बोले- वहां पर काम कर रहे सब चोर हैं, इनकी छुट्टी करो

    2. राम मंदिर आंदोलन में बेहद सक्रिय थे अयोध्या से पूर्व सांसद विनय कटियार

    3. कटियार ने बताया-राम मंदिर से करोड़ों भक्तों की आस्था जुड़ी


    डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राम नगरी अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर परिसर से चढ़ावा चोरी और घोटाले पर भाजपा के पूर्व सांसद विनय कटियार बहुत भड़के हैं। बजरंगी कटियार के नाम से विख्यात विनय कटियार तो इस प्रकरण में डंडा चलवाने के पक्ष में हैं। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे और पूर्व भाजपा सांसद विनय कटियार ने कहा कि राम मंदिर से करोड़ों भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर के मामले में लग रहे आरोपों की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए।

    कटियार ने कहा कि यह कोई हल्का-फुल्का मामला नहीं है। इस पर लोग बलिदान हुए हैं। हमारे जैसे लोग जेल गए हैं। कल्याण सिंह ने इस्तीफा दिया था तब जाकर मंदिर मामला बढ़ना शुरू हआ। ये जितने हैं ना, ये सब चोर हैं। इनकी छुट्टी करो। उन्होंने कहा कि इनकी छुट्टी करो, छुट्टी कौन करेगा, विनय कटियार कर देंगे। कल-परसों में इनकी छुट्टी हो जाएगी। 

    अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में दान पात्रों से चोरी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उत्तर प्रदेश का सियासी माहौल गरम है। इस बीच बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने भी इस प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ट्रस्टी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति ने गड़बड़ी की है तो उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर के चढ़ावा और चंदा चोरी करने वाले सब भागेंगे। यह लोग या तो भागेंगे या जेल जाएंगे। उन्होंने ने कहा कि कितने वर्ष का घोटाला है, और क्या है। ये सब मालूम चल जाएगा, जब डंडा चलेगा तो सब मालूम चल जाएगा।

    विनय कटियार ने कहा कि राम मंदिर के निर्माण को लेकर सरकारें चली गईं। यहां का चढ़ावा चोरी करने वालों को हम तो छोड़ने वाले नहीं हैं। हम तो एसएसपी व डीआईजी से इन लोगों को पकड़ने और सीधे जेल भेजने का अनुरोध करेंगे। मैं तो काफी दिन बाद अयोध्या में दानराशि के विवाद के मामले के लिए ही आया हूं। घोटाले पर सवाल उठ रहे हैं तो जांच होनी चाहिए, जिससे कि सच्चाई सामने आए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राम जन्मभूमि के ट्रस्टी ही उसमें चोरी करेंगे, तो कैसे मंदिर बनेगा। इस मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने बलिदान दिया है, जेल गए हैं।

    खबरें और भी

    कौन हैं विनय कटियार

    विनय कटियार प्रखर हिंदूवादी राजनेता हैं। उन्होंने बजरंग दल की स्थापना की और राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाले कटियार 1980 में आरएसएस के प्रचारक बने। 1984 में राम जन्मभूमि आंदोलन को गति देने के लिए बजरंग दल की स्थापना की और पहले अध्यक्ष बने। विनय कटियार फैजाबाद सीट से तीन बार (1991, 1996 व 1999) में सांसद चुने गए। अप्रैल 2006 से अप्रैल 2018 तक राज्यसभा सदस्य भी रहे। 2002 से 2004 तक यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया।

    यह भी पढ़ें- चंदा विवाद की जांच के लिए SIT गठित करने को नृपेंद्र मिश्रा ने सराहा, कहा- सरकार की सक्रियता सराहनीय

    चढ़ावा चोरी में कब क्या हुआ

    5 जून- एसआईएस गार्ड ने संदिग्ध पकड़ा, नकदी बरामद
    6 जून- चढ़ावे की गणना करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ
    7 जून- सपा प्रमुख ने चढ़ावे में घपले का आरोप लगाया
    8 जून-आंतरिक जांच में लाखों की नकदी छापे में मिली
    9 जून-ट्रस्ट के पूर्व लेखाकार का आरोप वायरल हुआ
    10 जून- ट्रस्ट के पदेन सदस्य नृपेन्द्र मिश्र अयोध्या पहुंचे
    11 जून-नृपेन्द्र मिश्र दिल्ली लौटे, केंद्र को रिपोर्ट सौंपी सौं
    12 जून-ट्रस्ट के पदाधिकारियों को संघ ने लखनऊ तलब किया
    13 जून-प्रदेश सरकार ने जांच के लिए एसआईटी बनाई।

    यह भी पढ़ें- राम मंदिर में हुई चोरी की जांच करेगी एसआईटी, योगी सरकार ने दो हफ्ते में मांगी फाइनल रिपोर्ट

    यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: ठेके पर शराब पिलाने में ही खर्च कर दिए थे 50 हजार