विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय के जनसंपर्क कक्ष में लगी आग, कंप्यूटर और फर्नीचर जला

Published: Mon, 17 Aug 2026 02:02 PM (IST)

Lucknow News: टीम ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से धुआं बाहर निकाला फिर हौज पाइप की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया।

कार्यालय के कंप्यूटर, कीबोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों के साथ ही फर्नीचर भी जल गया

कार्यालय के कंप्यूटर, कीबोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों के साथ ही फर्नीचर भी जल गया

HighLights

  1. दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

  2. आग भूतल पर बने जनसंपर्क कार्यालय के एक कंप्यूटर से शुरू हुई 

जागरण संवाददाता, लखनऊ। खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में सोमवार को आग लगने की घटना से खलबली मच गई। 15 दिन पहले जवाहर भवन में आग लगने की घटना के बाद से हजरतगंज क्षेत्र में सरकारी भवन में आग लगने का यह दूसरा प्रकरण है।

खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय, सप्रू मार्ग के भूतल पर सोमवार सुबह आग लग गई। इसकी जानकारी पर सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से कार्यालय के कंप्यूटर, कीबोर्ड और अन्य विद्युत उपकरणों के साथ ही फर्नीचर भी जल गया। अंदर मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि आग भूतल पर बने जनसंपर्क कक्ष के पंखे में शार्ट सर्किट से शुरू हुई थी। कुछ ही देर में आसपास रखा फर्नीचर भी आग की चपेट में आ गया। अंदर मौजूद लोगों ने सुबह 10:30 बजे इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। मौके पर हजरतगंज फायर स्टेशन से दो गाड़ियां भेजी गई।

भवन में अंदर पूरी तरह धुआं भरा हुआ था। टीम ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से धुआं बाहर निकाला फिर हौज पाइप की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच के अनुसार शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।

शोर मचाते हुए भागे लोग

सीएफओ के मुताबिक आग लगी तो तीन चार कर्मचारी अंदर ही थे। धुआं और लपटें देख किसी तरह शोर मचाते हुए वह लोग बाहर निकले। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। प्रथम दृष्टया कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की बात सामने नहीं आई है।