यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP Weather Today: आगरा में सताएगी लू, सबसे ज्यादा गर्म रहा प्रयागराज, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम
UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहें। चूंकि गुरुवार को हुई बारिश से ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फिर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि गोरखपुर सहित कई जिलों में तीन दिन पहले हुई बारिश से लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली थी लेकिन अब उमस से लोगों की हालत खराब हो रही है। आइए जानते हैं कि आज रविवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।
आगरा: आज से सताएगी लू, तापमान बढ़ेगा
आगरा में आंधी से तापमान में गिरावट आने से हल्की राहत महसूस करने वाले शहरवासियों का रविवार से एक बार फिर मौसम इम्तिहान लेगा। मौसम विभाग ने नौ से 12 जून तक लू का प्रकोप रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इससे दिन के साथ ही रात भी गरम रहेंगी। शनिवार को सुबह धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर तीखे होते चले गए। तेज धूप में लोगों को घर से बाहर निकलने पर परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर एक बजे के करीब बादल उमड़ने लगे। इससे उमस बढ़ गई, जिससे शहरवासी बेचैन हो उठे।
इसे भी पढ़ें-गोरखपुर में मुस्लिम बहुल बूथों पर भाजपा को मिले गिने-चुने वोट, BJP विधायक ने दिया रास्ता, नहीं मिला मत
एसी और कूलर में भी राहत नहीं मिली। शाम चार बजे बादल छा गए। ऐसा लगने लगा कि विगत दो-तीन दिनों की तरह आंधी आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आगरा में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य तापमान से न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।
खबरें और भी
प्रदेश के गरम शहरों में आगरा शनिवार को सातवें स्थान पर रहा। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए लू के प्रकोप का अलर्ट भी जारी किया है। इसमें लोगों को धूप में अधिक देर तक नहीं खड़ा होने, सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने, हल्के व सूती कपड़े पहनने, अधिक से अधिक पेय पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी गई है।
तापमान पहुंचा 41 डिग्री सेल्सियस, अभी और होगी गर्मी
बरेली में मौसम का शुक्रवार से ही बदल गया है। शनिवार को जून में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि अभी तापमान और भी बढ़ने की संभावना हैं। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि, हवा का रुख बदला है और पश्चिमी हवा शुरू हो गई। पूरे दिन चली तेज हवा की वजह से वातावरण शुष्क हुआ जिससे आगे भी तापमान बढ़ने की संभावना हैं।
गोरखपुर में गर्मी से राहत को करना होगा इंतजार
वायुमंडलीय परिस्थितियोंं के अध्ययन के अनुसार मानसून अपने समय से है। सामान्य स्थिति में गोरखपुर में इसके आने का समय 15 से 20 जून है और जो परिस्थितियां बन रही हैं, उसके मुताबिक 17 जून तक यहां मानसून की दस्तक हो सकती है। ऐसे में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को इससे राहत के लिए 17 जून तक का इंतजार करना होगा।
इसे भी पढ़ें-बस्ती के चर्चित अपहरण कांड में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पर हुई कार्रवाई, एक और संपत्ति कुर्क
हल्के बादलों की आवाजाही से गर्मी के तेवर बरकरार
कानपुर में हवा की औसत गति बढ़ने से शनिवार को दिन में बादलों की आवाजाही बनी रही जिससे दिन का अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले थोड़ा नीचे आकर 43.4 डिग्री पर टिक गया। सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक तापमान की वजह से शनिवार को भी लोगों ने उमस भरी गर्मी महसूस की है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार रविवार तक मौसम में गर्मी के ऐसे ही तेवर बने रहेंगे। सोमवार को बादलों के आने के बाद मौसम में मामूली बदलाव हो सकता है। हल्के बादलों की आवाजाही की वजह से बीते 24 घंटे से गर्मी के तेवर एक जैसे बने हुए है।
मेरठ में भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं
मेरठ में एक दिन की राहत के बाद गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 39. 7 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चिलचिलाती धूप में लोगों का बाहर निकलना दूभर रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप इसी तरह जारी रहने की आशंका जताई है। 13 जून तक बरसात की कोई संभावना नहीं है।
संगम नगरी में गर्म हवाओं ने चढ़ाया पारा
प्रयागराज में गर्मी है कि कम होने का नाम नहीं ले रही। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया। शनिवार को तापमान के 45.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया। तापमान भले ही 45 डिग्री के ऊपर रहा पर लोगों को यह ज्यादा महसूस हुआ।
वाराणसी में हीट वेव होगी और प्रचंड
वाराणसी में हीट वेव यानी लू की गति और प्रचंड होगी। तापमान फिर 46 के पार हो सकता है। ऐसे में दिन दहक रहा है, धरा तवे सी जल रही है तो दिशाएं भट्ठियों में बदल गई हैं। हवा अपने साथ अंगार लिए चल रही है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अभी आने वाले चार-पांच दिनो तक मौसम ऐसा ही उग्र रह सकता है। ऐसे में लाेगों को काफी संभलकर रहना होगा। बाहर निकलते समय अनेक सावधानियां बरतना आवश्यक हैं, अन्यथा लापरवाही की स्थिति में लू का प्रभाव जानलेवा भी हो सकता है।