यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
International Yoga Day : योग को इस्लामिक देशों का भी समर्थन मिला : राजनाथ
राजनाथ सिंह ने कहा कि योग को मजहबी आधार पर देखने के बजाय मानवता के आधार पर देखा जाना चाहिए।

लखनऊ (वेब डेस्क)। देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह योग को भारत की विरासत मानते हैं। अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में आज राजनाथ सिंह ने भारी बारिश के बाद भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया।
लखनऊ के केडी सिंह 'बाबू' स्टेडियम में योग करने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि योग को मजहबी आधार पर देखने के बजाय मानवता के आधार पर देखा जाना चाहिए। योग भारत की विरासत है। इसके लाभ को देखते हुए अब इसको पूरे विश्व में मान्यता मिली है।
यह भी पढ़ें- International Yoga Day: योग और इस्लाम दोनों का मकसद एक लोगों का स्वस्थ्य बनाना
उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने को विश्व के कई इस्लामिक देशों ने भी संयुक्त राष्ट्र संघ में समर्थन किया था। राजनाथ ने कहा कि योग से तन, मन और आत्मा तीनों चीजें शुद्ध होती हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से योग की स्वीकार्यता भी विश्व में बढ़ी है। आज लखनऊ में राजनाथ सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष तथा लखनऊ के महापौर डॉ. दिनेश शर्मा भी थे। इनके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इलाहाबाद, रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर ने कानपुर, मध्यम लघु एवं सूक्ष्म उद्यम मंत्री कलराज मिश्र ने वाराणसी, महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने पीलीभीत, रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने गोरखपुर, वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने गाजियाबाद, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मेरठ, कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने मुजफ्फरनगर एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने इलाहाबाद में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में योग किया।

