विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट लगाएगी जापानी कंपनी, IT कानपुर और BHU को भी देगी तकनीकी सहयोग

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:11 AM (GMT+05:30)

जापान के यामानाशी प्रांत की कनाडेविया कारपोरेशन कंपनी उत्तर प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन का प्लांट लगाएगी। कंपनी ने एनटीपीसी या ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. जापानी कंपनी कनाडेविया यूपी में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट लगाएगी।

  2. एनटीपीसी या आइओसीएल के साथ मिलकर प्लांट लगाने की रुचि।

  3. मुख्यमंत्री योगी के जापान दौरे में हुआ था समझौता।

राज्य ब्यूरो,  लखनऊ। जापान के यामानाशी प्रांत की कनाडेविया कारपोरेशन कंपनी उत्तर प्रदेश में ग्रीन हाईड्रोजन का प्लांट लगाएगी। प्लांट लगाने के लिए जगह अभी तय नहीं की जा सकी है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन (एनटीपीसी) और इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) में से किसी एक के साथ मिलकर प्लांट लगाने में रुचि दिखाई है।

जापानी निवेशक कंपनी के प्रतिनिधियों ने बुधवार को पिकप भवन में इन्वेस्ट यूपी, उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) और आइओसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक की। जापानी कंपनी के प्रतिनिधियों ने इससे पहले मंगलवार को नोएडा में दादरी स्थित एनटीपीसी के प्लांट और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र का दौरा कर निवेश की संभावनाएं तलाशी थीं।

कंपनी ने उत्तर प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन का प्लांट लगाने के लिए फरवरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे में समझौता किया था। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों का यह तीसरा दौरा है। इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने जापानी कंपनी के प्रतिनिधियों को विदेशी निवेश पर सरकार द्वारा दी जा रहीं सुविधाओं व प्रोत्साहन की जानकारी दी। इसके बाद आइओसीएल मथुरा के अधिकारियों के साथ बैठक में मथुरा में प्लांट लगाने की संभावनाओं पर मंथन किया गया।

तीसरी बैठक यूपीनेडा के अधिकारियों के साथ हुई। इस बैठक में यूपीनेडा द्वारा ग्रीन हाइड्रोजन का प्लांट लगाने पर कंपनी को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया। इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को कंपनी यह तय कर लेगी कि ग्रीन हाइड्रोजन का प्लांट कहां पर लगाना है। इसके बाद भूखंड आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गौरतलब है कि कंपनी आइआइटी कानपुर व बीएचयू में ग्रीन हाइड्रोजन के सेंटर आफ एक्सीलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) की स्थापना में तकनीकी सहयोग भी प्रदान करेगी।

यह भी पढ़ें- वाट्सएप नंबर ब्लॉक हुआ तो पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने निकाला नया रास्ता, गूगल फॉर्म के जरिए मांगा लोगों का साथ