विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अखिलेश महापुरुषों को भी बांटकर करते हैं राजनीति', डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सपा प्रमुख पर बोला हमला

Updated: Sun, 16 Aug 2026 11:25 PM (IST)

भाजपा ने अखिलेश यादव को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने को लेकर घेरा है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर महापुरुषों को बांटकर राजनीति करने और सपा के पीडीए को फर्जी बताने का आरोप लगाया।

अखिलेश महापुरुषों को भी बांटकर करते हैं राजनीति अखिलेश: केशव मौर्य।

अखिलेश महापुरुषों को भी बांटकर करते हैं राजनीति अखिलेश: केशव मौर्य।

HighLights

  1. केशव मौर्य ने अखिलेश पर महापुरुषों को बांटने का आरोप लगाया।

  2. सपा के पीडीए को फर्जी बताकर हवा निकालने का दावा।

  3. अटल जी का सम्मान न करने पर ब्राह्मणों के सम्मान पर सवाल।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण न करने को लेकर घेरेबंदी तेज कर दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश जातिवादी मानसिकता के साथ महापुरुषों को भी बांटकर राजनीति करते हैं।

समाज को बांटकर वोट हासिल करने की सपा की कोशिश सफल नहीं होगी। डिप्टी सीएम मौर्य ने सपा के पीडीए को फर्जी बताते हुए दावा किया कि सपा के गुब्बारे की हवा निकल चुकी है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव के वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर उठे सवालों पर कहा कि महापुरुषों और वीरांगनाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। इसे राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जो स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का सम्मान नहीं करता, वह ब्राह्मणों का सम्मान क्या करेगा। अटलजी का सम्मान सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेश में भी है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य है।

प्रदेश में हुए विकास को लेकर कहा कि अभी तक जो विकास हुआ है, वह सिर्फ ट्रेलर है और 2027 के बाद विकास की असली पिक्चर देखने को मिलेगी।

डिप्टी सीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम के अनादर को लेकर उन्हें माफी मांगनी चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी की 78 हजार कोटेदारों को बड़ी सौगात, लाभांश 90 से बढ़ाकर किया 125 रुपये प्रति कुंतल